सूरजपुर एसबीआई के पास तीन हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया
रिकार्ड दुरुस्त करने के एवज में ग्रामीण से किया था रुपये की मांग

सूरजपुर। गुरुवार को एन्टी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक पटवारी को तीन हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया।

एन्टी करप्शन ब्यूरो की टीम के पास रामानुजनगर ब्लॉक के ग्राम गोविंदपुर के सुनील कुमार सिंह ने लिखित आवेदन देकर बताया था कि उसकी पैतृक भूमि है। उक्त भूमि उसके पिताजी स्व. दशरथ व माता स्व. श्रीमती देवचरनी के नाम से दर्ज है। दोनों के देहांत उपरांत पटवारी रामगोपाल साहू से फौती चढ़ाकर प्रार्थी का नाम राजस्व रिकार्ड में दुरूस्त कराने हेतु गया, तो इसके एवज में 05 से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई और कहा गया कि पैसा तो देना ही पड़ेगा, पैसे दोगे तभी तुम्हारा पैतृक भूमि का रिकार्ड दुरूस्त होगा। ब्यूरो की टीम ने शिकायत की तस्दीक के बाद पटवारी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई और गुरुवार को योजना के तहत तेलाईमुड़ा के पटवारी रामगोपाल साहू को तीन हजार रुपये रिश्वत लेते भारतीय स्टेट बैंक सूरजपुर के परिसर में रंगे हाथों पकड़ा गया। बताया गया है कि राजस्व रिकार्ड दुरुस्त करने पांच हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। प्रार्थी ने दो हजार रुपये पहले दे दिए थे। आरोपी के विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988. (यथा संशोधन 2018) के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में एंटी करप्शन ब्यूरो के उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद खेस, इंस्पेक्टर शरद सिंह व धनंजय सिंह, सब इंस्पेक्टर विविधपाल सिंह, आरक्षक उपेंद्र यादव, सतीश सिंह, मनोहर विश्वकर्मा व योगेंद्र सिंह शामिल रहे।

Categorized in: