अंबिकापुर। महिला को लिफ्ट देकर जंगल में ले जाकर बाइक सवार युवक के द्वारा 5 हजार रुपये नगद, सोने का मंगलसूत्र, कान का टप, मोबाइल लूटने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता सिंगरौली से अंबिकापुर बस स्टैंड आई थी और यहां से कुसमी जाने रिंग रोड में बस का इंतजार कर रही थी। बाइक सवार युवक उसे कुसमी तक ले जाने का झांसा दिए थे। महिला ने मामले की रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार सविता पति मंगल साय 50 वर्ष ग्राम सुरबेना, थाना करौंधा जिला बलरामपुर की रहने वाली है। वर्तमान में गनयारी थाना बैढ़न जिला सिंगरौली में रहती है। वह 22 अक्टूबर को अपने मूल निवासी ग्राम सुरबेना जाने लिए सिंगरौली से बस से अंबिकापुर बस स्टैंड पहुंची थी। इसके बाद वह कुसमी जाने के लिए रिंग रोड में बस का इंतजार कर रही थी। दोपहर करीब 1-2 बजे बाइक सवार एक युवक महिला के पास पहुंचा और पूछा कि कहां जाना है। महिला ने कुसमी जाने के लिए बस का इंतजार करने की बात कही। बाइक सवार युवक ने कुसमी जाने की बात कहते हुए उसे झांसे में ले लिया। विश्वास में आकर महिला बाइक में बैठ गई, फिर उसे लूट का शिकार होना पड़ा। महिला का कहना है कि बाइक सवार युवक रामानुजगंज नाका से पहले रास्ता बदल दिया। इस पर उसे संदेह हुआ और वह पूछताछ की तो उसने सार्टकार्ट रास्ता बताया। कुछ दूर आगे जाने पर युवक बाइक को जंगल के रास्ते मोड़ दिया। जंगल के अंदर जाने के बाद वह बाइक रोक दिया और महिला के पर्स से 5 हजार नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान का टप, मोबाइल लूटकर फरार हो गया। महिला किसी तरह जंगल से निकलकर गांधीनगर थाना पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 309 (4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: