अंबिकापुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सरगुजा जिले की शिक्षिका भावना सिंह को राष्ट्रीय स्तर का गौरव प्राप्त हुआ है। इन्हें राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह 2026 में सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह 15 जुलाई को राजधानी रायपुर में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिभूमि के प्रधान संपाक डॉ. हिमांशु द्विवेदी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी संजय अग्रवाल, संस्थापक एनआर स्टील ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. चितरंजन कर और डॉ. पूर्णानंद मिश्र उपस्थित थे। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत ने इनके उज्जवल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सफलता की कामना करते हुए अपेक्षा की है कि वे छात्रहित में अपनी अंतिम क्षमता प्रदान करेंगी। सरगुजा जिले के लिए यह गर्व की बात है कि जिले की एक शिक्षिका को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया है।

700 आवेदन मिले, 250 शिक्षकों का अंतिम चयन

राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा देशभर से लगभग 700 आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों का गहन अध्ययन, मूल्यांकन और सत्यापन राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के उच्च स्तरीय पैनल द्वारा तय मानकों के आधार पर किया गया। इसके बाद देश के विभिन्न राज्यों से 250 उत्कृष्ट शिक्षकों का अंतिम चयन सम्मान के लिए किया गया।

शासकीय प्रायोगिक प्राशा, केदारपुर में हैं शिक्षिका

बता दें कि भावना सिंह, सहायक शिक्षक के पद पर शासकीय प्रायोगिक प्राथमिक शाला, केदारपुर  अंबिकापुर में पदस्थ हैं। इन्हें मिले प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला होती है, इस महान यज्ञ में ज्ञान का दीप जलाने वाले शिक्षक ही वास्तविक राष्ट्र निर्माता होते हैं। भावना सिंह द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट, नवाचारी और सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान 2026 से अलंकृत किया गया है।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान

भावना सिंह ने अपने कर्मस्थली शासकीय प्राथमिक शाला केदारपुर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों, बाल-केंद्रित गतिविधियों, नैतिक मूल्यों के संवर्धन, डिजिटल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक जागरूकता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसी आधार पर उन्हें यह सम्मान मिला है।

Categorized in: