राजेंद्र ठाकुर राजू ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने 17 एवं 18 जुलाई को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, अस्पतालों की व्यवस्थाओं तथा वर्षा ऋतु में फैलने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगरा, 100 शैय्या सिविल अस्पताल वाड्रफनगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलंगी, उप स्वास्थ्य केंद्र कोगवार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथनगर का दौरा किया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, प्रयोगशाला, फार्मेसी, एक्स-रे कक्ष, लेबर वार्ड, एनबीएसयू एवं एनआरसी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण में अस्पतालों की साफ-सफाई एवं मरीजों के भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सीएमएचओ ने अस्पतालों में आवश्यक दवाओं के साथ एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) एवं एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नवजात शिशु देखभाल इकाई को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए।
रघुनाथनगर एवं बलंगी में आयोजित सेक्टर बैठकों में उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु में मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता बनाए रखने तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा

Categorized in: