अंबिकापुर। भाजपा नेताओं से जुड़े कई गंभीर मामलों में पुलिस की धीमी जांच और कार्रवाई न होने के विरोध में कांग्रेस एक बार फिर पुलिस महानिरीक्षक से मुलाकात करेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक और नगर निगम अंबिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने बताया कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को आईजी कार्यालय जाएगा। 6 जुलाई को बरसते पानी में निकाली गई न्याय यात्रा और आईजी कार्यालय घेराव के बाद उठाए गए मुद्दों की प्रगति रिपोर्ट मांगी जाएगी। कांग्रेस का आरोप है कि डेढ़ हफ्ते बीत जाने के बाद भी इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है, इससे जनता में यह संदेश जा रहा है कि भाजपा से जुड़े प्रभावशाली लोगों पर कानून अलग तरीके से लागू हो रहा है।

कांग्रेस ने सरगुजा के एकमात्र मंत्री और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और इन गंभीर मामलों पर मंत्री का अब तक कोई सार्वजनिक बयान न आना चिंताजनक है। कांग्रेस का कहना है कि अगर सरकार कानून के राज के पक्ष में है तो मंत्री को खुलकर सामने आना चाहिए। उनकी खामोशी को इन घटनाओं पर मौन सहमति के रूप में देखा जा रहा है। जिला अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने कहा है कि कांग्रेस कानून के समान और निष्पक्ष अनुपालन चाहती है। अगर आने वाले दिनों में भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगी।

इन मामलों को लेकर निकली थी न्याय यात्रा

मीना बाजार आवंटन ऑडियो क्लिप: सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस ऑडियो में दावा है कि मेला संचालक अनुराग मिश्रा, महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के बीच कलाकेंद्र मैदान के आवंटन को लेकर पैसों की बात हुई। महापौर ने इसे साजिश बताकर जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक जांच आगे नहीं बढ़ी।

भि_ी भूमि घोटाला: इस मामले में भी भाजपा पदाधिकारियों की संलिप्तता के आरोप हैं। कांग्रेस का कहना है यहां भी जांच की गति बेहद धीमी है।

सीतापुर विधायक पर मारपीट का आरोप: सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी से मारपीट का आरोप है। एफआईआर कराने के आदेश बाद भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आईजी से इन मामलों में अब तक जांच की वर्तमान स्थिति, क्या कदम उठाए गए, मामलों को निपटाने की समयसीमा को लेकर सवाल करेगी।

जिला अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने कहा कि कांग्रेस कानून के समान और निष्पक्ष अनुपालन चाहती है। अगर आने वाले दिनों में भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगी।

Categorized in: