*क्रेटा कार सवार दो डकैत रामानुजगंज में और ट्रक में नगदी लेकर भागे डकैत बलरामपुर से 40 किलोमीटर दूर रंका झारखंड में बलरामपुर पुलिस के हाथ लगे*
*गिरिजा कुमार ठाकुर*
अंबिकापुर। रायगढ़ में हुई 5 करोड़ 62 लाख की डकैती मामले में पुलिस ने पांच डकैतों को पकड़ लिया है, साथ ही लूटी हुई नगदी भी जब्त कर ली गई है। डकैतों को सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिला में एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की मदद से बलरामपुर पुलिस ने पकड़ा गया है। सभी डकैत वारदात के बाद झारखंड भागने की फिराक में थे। इनके कब्जे से घटना में उपयोग की गई पिस्टल भी बरामद की गई है। घटना में शामिल पांच डकैत फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
विदित हो कि मंगलवार की सुबह साढ़े आठ से नौ बजे के बीच रायगढ़ के एक्सिस बैंक में आधा दर्जन डकैतों ने हथियार के दम पर मैनेजर को जख्मी कर चार करोड़ 19 लाख नगद, तीन किलो सोना करीब 5 करोड़ 62 लाख की डकैती की थी और फरार हो गए थे। घटना के बाद आईजी अजय यादव, डीआईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी सदानंद मौके पर पहुंचे थे। सीसीटीवी से डकैतों का फुटेज हासिल करने के बाद पुलिस ने रायगढ़, बलरामपुर सहित बिलासपुर संभाग की पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए थे। पुलिस को आशंका थी कि डकैत झारखंड औऱ बिहार के हो सकते हैं। आईजी अजय यादव के निर्देश पर बलरामपुर एसपी लाल उमेद सिंह भी इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए थे। पुलिस को  घटना दिवस की रात जानकारी मिली कि सीसीटीवी में दिखाई दे रही क्रेटा को बलरामपुर में देखा गया है। इसके बाद तत्काल पुलिस हरकत में आई और रामानुजगंज के पास क्रेटा को घेराबंदी कर रुकवाया। पुलिस ने क्रेटा कार सवार दो डकैत को पकड़ा। दोनों डकैतों से पूछताछ में बताया कि उनके अन्य साथी ट्रक में नगदी लेकर भागे हैं। पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की रात एक बजे बलरामपुर से 40 किलोमीटर दूर रंका झारखंड से ट्रक के साथ तीन अन्य आरोपी को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से डकैती की पूरी रकम बरामद की गई। साथ ही दो हैंडमेड वैपन भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी शातिर थे, उन्हें पता था कि डकैती के बाद पुलिस इनकी तलाश करेगी इसलिए पुलिस से बचने तीन आरोपी ट्रक में नगदी रख झारखंड की ओर जा रहे थे। इस दौरान बलरामपुर पुलिस ने सभी को दबोच लिया। डकैती कांड में लगभग 10 आरोपी शामिल हैं। पुलिस फरार डकैतों की तलाश कर रही है। बलरामपुर पुलिस ने सभी डकैतों को रायगढ़ पुलिस को सौंप दिया है। पकड़े गए डकैत झारखंड और बिहार के हैं। रायगढ़ पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले में खुलासा करेगी।

Categorized in: