पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित तीन को गिरफ्तार किया, एक फरार

गिरिजा ठाकुर

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर के ज्वेलरी दुकान में चार दिन पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गए जेवरात व घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त कर लिया है। पुलिस ने अपचारी बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह व युवक को केंद्रीय जेल भेज दिया है। घटना में शामिल एक आरोपी अभी फरार है। पकड़े गए आरोपी बादी गिरोह के हैं।

चोरी की घटना का पर्दाफास करते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के बधियाचुआं निवासी हरेराम सोनी की गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में माधुरी ज्वेलर्स नामक दुकान है। 16 अक्टूबर की रात को वे दुकान बंद कर के घर चले गए थे। 17 अक्टूबर की सुबह उन्हें जानकारी मिली कि ज्वेलरी दुकान का ताला टूटा हुआ है। जब वे दुकान पहुंचे तो सोने का पुराना मंगलसूत्र सहित चांदी के नए एवं पुराने जेवर नहीं थे। दुकान परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने पर तीन अज्ञात युवक बाइक से आकर घटना को अंजाम देते नजर आए। दुकान संचालक की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 457, 380, 34 का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इन्होंने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर वेद सिंह पिता धर्मदेव सिंह 20 वर्ष निवासी मंगारी जूनापारा थाना सीतापुर को हिरासत में लिया और चोरी की घटना के समय उपयोग में लाई गई मोटरसाइकिल व जेवरात जब्त किया। पुलिस को फरार आरोपी की तलाश है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर जॉन प्रदीप लकड़ा, थाना प्रभारी बतौली सीपी तिवारी, उप निरीक्षक अलंगो दास, सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, विवेक पांडेय, सहायक उप निरीक्षक शशिप्रभा दास, प्रधान आरक्षक गणेश कदम, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, बृजेश राय, संजीव चौबे, विकास सिंह, राहुल सिंह, ऋषभ सिंह राजकुमार यादव, अरविन्द उपाध्याय, उमाशंकर साहू शामिल रहे।

दो मोटरसाइकिल में पहुंचकर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि घटना में शामिल विधि से संघर्षरत दो बालक व दो अन्य आरोपी दो अलग-अलग मोटरसाइकिल मेें सीतापुर से अंबिकापुर आए थे। ये पहले दिन में रेकी करते थे फिर सूनसान स्थल और जहां सीसीटीवी नजर नहीं आता, उन दुकानों को निशाना बनाते थे। पुलिस इनके पुराने रिकार्ड को भी खंगाल रही है।

पांच माह में 35 चोरी, 31 वारदातों के मुजरिम गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में पांच माह में 35 चोरी की बड़ी-छोटी घटनाएं हुई हैं, इनमें से 31 वारदातों में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस टीम को सफलता मिली है। दो मामलों को तकनीकि प्रमाण के आधार पर सुलझाने में पुलिस लगी है। उन्होंने बताया कि शहर में रहने वाले प्रोफेसर के यहां बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने पूरी रिकवरी कर आवेदक को राहत प्रदान की है। राज्य के बाहर से भी मुजरिमों को पुलिस लेकर आई है।

Categorized in: