तेज बारिश के बीच पहुंचा हाथी, मृतक की पत्नी को 25 हजार तत्काल सहायता राशि मिली

राजपुर। वन परिक्षेत्र राजपुर के उप-परिक्षेत्र बरियों, परिसर रेवतपुर के वन कक्ष क्रमांक पी-2556 अंतर्गत हाथी के हमले में 17 जुलाई को एक ग्रामीण की मौत हो गई। प्रकरण में वन्य प्राणी क्षति प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करके वन अमले ने विवेचना में लिया, और मृतक के वैध उत्तराधिकारी उनकी धर्म पत्नी नगमतिया बाई को तत्कालिक सहायता राशि 25,000 रुपये प्रदान की गई। शेष 5 लाख 75 हजार रुपये मुआवजा राशि नियमानुसार कार्रवाई पूर्ण करके प्रदान की जायेगी।
वन परिक्षेत्राधिकारी, वन परिक्षेत्र राजपुर ने बताया कि पिछले 3-4 माह से 4 जंगली हाथियों का भ्रमण उप-परिक्षेत्र बरियों, परिसर रेवतपुर के वन कक्ष के आस-पास क्षेत्र में हो रहा था। इनमें से एक जंगली हाथी दल से अलग होकर 17 जुलाई को रात्रि लगभग 9 बजे ग्राम रेवतपुर नवापारा की ओर आया, और बालमसाय टेकाम के मकान के पास मकान के पिछले हिस्से में रखे महुआ की गंध से आकर्षित होकर घर के उस हिस्से को तोड़ना शुरू कर दिया। उस समय घर के अंदर मृतक बालमसाय टेकाम, उनकी पत्नी और एक छोटी बच्ची मौजूद थे। इस घटना के सामने आने के बाद वन कर्मचारी एवं मित्र दल के सदस्यों द्वारा जंगली हाथियों की निगरानी एवं ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश देते हुए जागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। घटना क्षेत्र में सायंकाल से पूरी रात लगातार भ्रमण कर ग्रामीणों को समझाइश देते हुए हाथियों की निगरानी की जा रही है।

बारिश-अंधेरे के बीच 150 मीटर लगाया दौड़, नहीं बची जान

सूचना पर वन कर्मचारी एवं हाथी मित्र दल के 6 सदस्य तथा कुछ ग्रामीण घटनास्थल के समीप पहुंचे। उन्होंने पाया कि रात में लगभग 9.30 बजे बालमसाय टेकाम घर से बाहर निकलकर भागते रोड के किनारे लगभग 150 मीटर तक गया। रात में कम दिखाई देने, तेज बारिश होने के कारण वह कुछ समझ नहीं पाया और उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया, और हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई थी। घटना उपरांत हाथी जंगल की ओर चले गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मर्ग इंटीमेशन उपरांत शव परीक्षण की कार्रवाई की गई थी।

पके आम एवं कटहल कर रहे हाथियों को आकर्षित

वन अमले का मानना है कि, वर्तमान में पके हुए आम एवं पके हुए कटहल के कारण आकर्षित होकर जंगली हाथी रिहायसी क्षेत्रों में आ रहे हैं। इस पर ग्रामीणों को लगातार जंगली हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। हाथी प्रभावित ग्रामों में वन अधिकारी-कर्मचारी द्वारा लगातार ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जंगली हाथियों के प्रवास के समय अनावश्यक भीड़ न करें, आवश्यक दूरी बनाएं और जंगल की ओर नहीं जाएं। साथ ही जंगली हाथियों के आने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करने कहा गया है।

Categorized in: