15 दिनों में दूसरी जानलेवा दुर्घटना से आक्रोश, ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को पकड़

बतौली/अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रविवार सुबह मंगारी गांव के जुनापारा में तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर से पैदल घर लौट रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5.30 बजे मंगारी के कोलतापारा निवासी अर्जुन बखला 45 वर्ष, पिता पैगा बखला शौच के बाद सड़क किनारे से पैदल अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार क्रमांक सीजी 15 ईसी 5927 ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन बखला करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा  

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा करके उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का दावा है कि कार सवार का नाम टी.के. सिंह 48 वर्ष बताया जा रहा है, जो ग्राम देवगढ़, सीतापुर का रहने वाला है। घटना के समय वह मछली लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था।

शव ले जाने को लेकर नाराजगी  

ग्रामीणों का आरोप है कि, घटना के बाद पुलिस मृतक का शव दुर्घटनाग्रस्त वाहन से ही सीतापुर ले गई और परिजनों को इसकी पूर्व सूचना नहीं दी। इससे परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उधर, मृतक के परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

15 दिन में हुई दूसरी मौत से शोक 

ग्रामीणों ने बताया कि एनएच-43 पर पिछले 15 दिनों में यह दूसरी गंभीर दुर्घटना है। इससे पहले 3 जुलाई 2026 को माझापारा पुलिया के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लक्ष्मीनारायण 48 वर्ष पिता अनुक साय, को अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीनारायण का रायपुर में 14 दिनों तक इलाज चला, लेकिन 17 जुलाई को उनका निधन हो गया। वे भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कंवर समाज के वरिष्ठ सदस्य अनुकसाय के पुत्र थे।

ग्रामीणों ने सीसीटीव्ही लगाने की मांग  

लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से सीतापुर से अंबिकापुर तक एनएच-43 के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाने की मांग की है। इनका कहना है कि इससे दुर्घटना के बाद फरार होने वाले वाहनों की पहचान करने में आसानी होगी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

Categorized in: