मनेन्द्रगढ़ । जिले के मनेन्द्रगढ़ थाना अंतर्गत चनवारीडांड में हुए पत्रकार रईस अहमद हत्याकांड में उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी आरजू खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है वही उसका एक सहयोगी अब तक फरार है जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई 2024 की सुबह सिटी कोतवाली पुलिस को मोबाइल से सूचना मिली की चनवारीडांड के मौहरी ग्राउंड के पास एक युवक मृत हालत में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर देखा तो उसकी शिनाख्त पत्रकार रईस अहमद के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होने पर डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम द्वारा मौके की जांच की गई। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं की जांच करने के बाद घटना में शामिल उसकी पत्नी सफीना को गिरफ्तार कर लिया था वही उसका प्रेमी आरजू खान और उसका एक सहयोगी खुशी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एमसीबी चंद्र मोहन सिंह ने विशेष टीम बनाकर मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी की गिरफ्तारी के लिये निर्देशित किया जिसके बाद पुलिस की टीम झारखंड के गढ़वा तक आरोपियों की तलाश में गई। आपको बता दें कि 16 मई की अलसुबह रईस अहमद की हत्या करने के बाद आरजू खान और उसका चचेरा भाई खुशी खान मौके से मोटरसाइकिल से भाग गये। मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुख्य हमलावर आरजू खान को मध्यप्रदेश के ब्यौहारी से तब गिरफ्तार किया गया जब वह ट्रेन से गुजरात भागने की फिराक में था वही उसका सहयोगी खुशी अब तक फरार है। पुलिस की विशेष टीम उसकी खोजबीन में लगी हुई है। शनिवार की शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वाडेगांवकर ने प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया की रईस अहमद की पत्नी सफीना अपने पति से बेवफाई कर अपने प्रेमी आरजू के साथ ही रहना चाहती थी लेकिन रईस उनके रास्ते में रोड़ा बन रहा था। यही कारण था कि सफीना काफी समय से उसे रास्ते से हटाने में लगी हुई थी। 16 मई की शाम को सफीना ने आरजू से मोबाइल पर बात कर रईस अहमद की हत्या का प्लान बनाया और रात लगभग 3:00 बजे आरजू और उसका चचेरा भाई मोटरसाइकिल से मृतक रईस अहमद के घर पहुंचे तो मृतक की पत्नी सफीना ने दरवाजा खोलकर हत्यारों को अंदर आने दिया। घर के अंदर घुसते ही दोनों आरोपियों ने सोते हुए रईस अहमद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने रईस अहमद की लाश को उसके घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर फॉरेस्ट डिपो के पीछे फेंक दिया था। इस मामले में पुलिस ने रईस अहमद की पत्नी सफीना को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था लेकिन मुख्य आरोपी आरजू खान को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अपनी गिरफ्तारी के बाद आरजू खान ने पुलिस की पूछताछ में बताया की सफीना अक्सर उससे मोबाइल पर बात किया करती थी। बातचीत में सफीना ने उसे बताया की रईस अहमद ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दिया है साथ ही बलात्कार और अपहरण के मामले में बयान देने के लिए जोर दे रहा है लेकिन वह बयान नहीं देना चाहती। इसलिए रईस अहमद को रास्ते से हटाना जरूरी है। सफीना के बार-बार कहने पर आरजू खान भी तैश में आ गया और उसमें 16 मई की रात घटना को अंजाम दे दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में उपयोग किये गये हथियार को जप्त कर लिया गया है। फिलहाल रईस अहमद हत्याकांड के दोनों आरोपी पुलिस के गिरफ्त में है वही एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

 

 

 

Categorized in: