बिश्रामपुर। चंद रुपए की लालच में अपनी जान को दांव पर लगाकर सुरंग बना कोयला चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कई बार सुरंग को पुनः बंद कराए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई है। गौरतलब है कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के बंद पड़े जयनगर खदान के पास कोयला चोरों द्वारा सुरंग बनाकर कोयला चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। जान जोखिम में डालकर कोयला चोरी करने के दौरान पिछले दिनों 26 फरवरी की सुबह करीब छह बजे ग्राम पंचायत तेलईकछार केनापारा निवासी सुनील सोनी पिता रामगोविन्द सोनी की चट्टान धंसने से सुरंग के अंदर ही दबकर मौत हो गई थी। तीन दिनों की कड़ी मशक्कत उपरांत युवक के शव को सुरंग से निकाला जा सका था। बावजूद इसके कोयला चोरी करने वाले उक्त स्थल से हटकर क्वारी नंबर 2 व 10 के समीप दूसरा सुरंग तैयार करके कोयला चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। सुरंग तैयार करके कोयला चोरी करने की सूचना मिलने पर रविवार को एसईसीएल प्रबंधन द्वारा उक्त दोनों सुरंग को जेसीबी मंगाकर उसे बंद करा दिया गया है। कोयला चोरों द्वारा सुरंग बनाकर कोयला चोरी की घटना को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं, जिससे भविष्य में पुनः बड़ी घटना घटित होने की आशंका बनी हुई है। इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण, एसईसीएल सुरक्षा विभाग के एएसआई दिनेश पांडेय, सुरक्षा प्रभारी छत्तर धारी व अन्य सक्रिय रहे।

Categorized in: