पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर अंबिकापुर से दो ट्रैक्टर बरामद किया


गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सरगुजा जिले के दरिमा थाना की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित के द्वारा किराए में लिए गए दोनों ट्रैक्टर को बरामद कर लिया है।


दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसू निवासी गंगाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि ग्राम बरगवां का रोहित पैकरा करीब आठ माह पूर्व परिचित होने के लाभ उठाकर उसके ट्रेक्टर सोनालिका को हर माह 17 हजार रुपये किराए में लेकर अपने साथ ले लिया, किंतु आज दिनांक तक ट्रैक्टर रखने के बाद भी किराए का रकम नहीं दिया और न ही ट्रेक्टर वापस किया है। रुपये और ट्रैक्टर की मांग करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने विवेचना में लिया। मामले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने आरोपित की गिरफ्तारी व ट्रैक्टर की जब्ती के निर्देश देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक को टीम गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी थी।

मामले के जांच की जिम्मेदारी थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन को दी गई थी। जांच दौरान आरोपित को थाने में तलब कर पूछताछ करने पर रोहित पैकरा ने ट्रैक्टर लेना और रुपये नहीं देना स्वीकार किया। उसने बताया कि इसी तरह दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर निवासी कैलाश यादव का ट्रैक्टर ट्रेकस्टार को भी किराए में लेने के बाद पैसा नहीं दिया है। पुलिस को आरोपित नेे दोनों ट्रैक्टर अंबिकापुर में संतोष राजवाड़े एवं संतोष यादव के घर के पास खड़ा करना बताया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को बरामद किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, निरीक्षक भारद्वाज सिंह, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, राजेश पांडेय प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, सुरजीत कोरी, आरक्षक संजय केरकेट्टा, अभय चौबे, विवेक राय, सुमित टोप्पो, सुरेश यादव, दिनेश मिंज, संत कुमार, सहायक आरक्षक रंजीत गुप्ता शामिल रहे।

Categorized in: