एक ग्रामीण के घर में पेड़ गिरने से बनी खतरे की स्थिति

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में करीब 15 दिनों से दिन में धूप की तपिश के बाद बारिश का नजारा देखने को मिल रहा है। नवतपा के बीच भी ऐसे ही हालात रहे, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी। इस दौरान 42-43 डिग्री से तापमान 35-36 डिग्री के आस-पास लुढ़क गया। मंगलवार को भी दिन में तापमान 39 डिग्री के आस-पास रहा, और रात करीब 12 बजे हवा के झोंकों के बीच हल्की बारिश हुई, लेकिन देर रात करीब 2 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाएं चलने लगी, इसके बाद करीब एक घंटे बारिश हुई, लेकिन शहर में स्थिति सामान्य रही। इधर सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में बारिश के बाद नजारा बदल गया। कहीं पेड़ गिरे, तो कहीं बिजली खम्भे, घरों को भी नुकसान पहुंचा। बुधवार को भी मौसम में तब्दीली देखने को मिली।

बता दें कि, सरगुजा संभाग में दिनभर तेज धूप के साथ ही आसमान में बादल छाने और तेज हवा, बारिश का दौर अनवरत जारी हैं। मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच जहां एक ओर लोग दिन में चिलचिलाती धूप से बेहाल रहते हैं, वहीं बारिश के बाद मौसम में तरावट देखने को मिलता है, जिससे कुछ देर के लिए राहत फिर उमस भरी गर्मी का एहसास होने लगता है। मंगलवार को सरगुजा जिले में दिनभर तेज धूप से लोगों का सामना हुआ, और देर रात तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। जिले के दरिमा थाना अंतर्गत मोहनपुर गांव में तबाही का मंजर देखने को मिला। आंधी से कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गये। कुछ स्थानों पर घरों को पेड़ गिरने से काफी नुकसान पहुंचा है। एक विशाल पेड़ ग्रामीण बंधन के घर में गिर गया, जिससे उसका घर पूरी तरह से ढह गया। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से निकलकर अपनी जान बचा ली, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। घर के ऊपर पेड़ गिरने से भीतर रखी अलमारी, पेटी, पलंग, बर्तन समेत अन्य सामान दब गए। बारिश करीब है और उसके सामने परिवार के साथ रहने की समस्या आड़े आ गई है। ऐसे में घर के मरम्मत कार्य के लिए प्रशासन से मुआवजा की अपेक्षा उन्होंने व्यक्त की है। ग्राम मोहनपुर में कई जगह मुख्य सड़क पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बुधवार की सुबह सब्जी से भरा एक ऑटो रिक्शा सड़क किनारे से जाने के दौरान गड्ढे में फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

Categorized in: