पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कोरंधा थाना अंतर्गत एक बेवा महिला की घर में मिली सड़ी-गली लाश व खून के छींटे की गुत्थी पुलिस सुलझा ली है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या करना स्वीकारा। आरोपियों ने बताया एक जुलाई को वे शराब पीने महिला के घर आए थे। एक बार दुष्कर्म के बाद पुन: इनकी नीयत खराब हुई तो महिला ने सबको बता देने की धमकी दी, इसके बाद दोनों ने कुल्हाड़ी से वार करके उसकी हत्या कर दी। आरोपी झारखंड भागने की तैयारी में थे, इसके पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक कुसमी ब्लाक के कोरंधा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत जवाहरनगर चर्रापारा निवासी बिलासी बाई 45 वर्ष के पति की मौत हो चुकी है, इसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी। उसकी बेटी कुछ दिन पूर्व अपने पति के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गई थी। एक जुलाई के बाद बिलासी बाई का पता नहीं चलने पर स्वजनों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां गई होगी। तीन जुलाई को घर से बकरियों की आवाज आने पर बेवा महिला का चाचा सिरसाय घर में पहुंचा तो उसकी सड़ी-गली लाश पड़ी थी। इसकी सूचना उसने कोरंधा थाने में दी। एसडीओपी रितेश चौधरी व थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह टेकाम मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घर में खून के छींटे भी थे, इससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। पुलिस की जांच में महिला के घर हाल में आने-जाने वालों में दो युवकों का नाम सामने आया था। पुलिस गांव के ही द्वारिका प्रसाद उर्फ शिशु उरांव पिता हरिचंद्र 19 वर्ष व मंगलसाय उरांव पिता लखपति 33 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने शराब पीने के बाद बिगड़ी नीयत और दुष्कर्म के बाद हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। कार्रवाई में एसडीओपी व करौंधा थाना प्रभारी के साथ प्रधान आरक्षक अमोल कश्यप, आरक्षक धीरेंद्र सिंह चंदेल, बाबूलाल पैकरा, अनिल साहू, अनूप खलखो व महिला प्रधान आरक्षक सोनावती टोप्पो सक्रिय रहे।

एक दबाकर रखा था मुंह, दूसरे ने किया प्रहार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दुष्कर्म करने के कुछ देर बाद दोनों पुन: उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगे तो वह उन्हें फटकारते हुए जबरदस्ती करने पर पूरे गांव में उनके कृत्य को बताने की धमकी दी, इससे वे डर गए। इसके बाद घर में रखी कुल्हाड़ी से द्वारिका ने बिलासी बाई के सिर पर प्रहार कर दिया, दूसरा आरोपी महिला शोर न मचा पाए, इस भय से उसका मुंह दबाकर रखा था। महिला की मौत होने के बाद दोनों वहां से भाग गए थे।

Categorized in: