पुलिस की नजर से महफूज 3 गिरफ्तार, आबकारी उडऩदस्ता टीम की कार्रवाई

अंबिकापुर। दर्रीपारा इलाके की कुख्यात ब्राउन शुगर विक्रेता शोभा कुशवाहा उर्फ गुडिय़ा व नशे का सामान उपलब्ध कराने वाले दो अन्य आरोपियों को 178 नग नशीली इंजेक्शन के साथ आबकारी उडऩदस्ता सरगुजा की टीम ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दर्रीपारा निवासी शोभा कुशवाहा उर्फ गुडिय़ा के घर में शुक्रवार की रात को काफी मात्रा में नशीला इंजेक्शन बिक्री के लिए उतरा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जब वे उडऩदस्ता टीम के साथ शोभा कुशवाहा उर्फ गुडिय़ा के घर तक पहुंचे तो सरकारी वाहन देखकर आरोपिया एक झोला लेकर भागने का प्रयास की, जिसे महिला सैनिक ने पकड़ लिया। आरोपिया के हाथ में रखे झोले की तलाशी लेने पर उसमें से 106 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 72 नग एविल इंजेक्शन मिला। इसे जब्त करके टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर शोभा उर्फ गुडिय़ा ने बताया कि वह दर्रीपारा निवासी मनु श्रीवास्तव एवं सुंदर लाल कुर्रे से नशीला इंजेक्शन खरीदकर लाई थी। पुलिस ने दोनों नशीली इंजेक्शन के विक्रेताओं को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स अंबिकापुर में प्रस्तुत किया गया, जहां से इन्हें जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ। कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक चंद्रावती एवं नीरज चौहान के साथ की।

पूर्व में छापामार कार्रवाई दौरान नहीं मिली सफलता
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि शोभा कुशवाहा उर्फ गुडिय़ा लगभग 15-20 साल से अंबिकापुर में ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ का व्यापार करती आ रही है, परंतु अब वह ब्राउन शुगर की जगह नशीला इंजेक्शन बेच रही थी। मुखबिर की सूचना पर एक दो बार उन्होंने पूर्व में छापामार कार्रवाई की थी, परंतु सफलता हाथ नहीं लग पाई थी। शोभा कुशवाहा पहले भी कई बार जेल जा चुकी है। आबकारी उडऩदस्ता टीम की नशीले इंजेक्शन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई के बाद नशीले इंजेक्शन के व्यापार पर रोक लगने की संभावना बनी है।

 

 

Categorized in: