अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक शिक्षिका से खुद को क्राइम ब्रांच रायपुर का अधिकारी बताकर 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

शिक्षिका ने पुलिस को बताया है कि 19 मार्च को कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद जैसे ही वे घर पहुंचीं, उसी समय उनके मोबाइल नम्बर में अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उन्होंने विभाग से संबंधित किसी का फोन होगा, सोचकर फोन उठाया। इधर फोन करने वाले ने क्राइम ब्रांच रायपुर से बोल रहा हूं, कहते हुए परिचय दिया और कहा कि मैडम आप गुगल से गंदे चित्र देखती हो, जो दंडनीय अपराध है, आपको तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा। फोन करने वाले की बातों को सुनकर शिक्षिका डर गई। ठग ने शिक्षिका को नब्ज को भांपने के बाद घर में किसी से कुछ नहीं बताने के लिए कहा। साथ ही धमकी दी कि, आपको गिरफ्तार करके हाथ-पैर को अंगुलिया काट दी जाएगी।

इसके बाद भयभीत शिक्षिका, कथित रूप से क्राइम ब्रांच के नाम पर भयादोहन कर रहे ठग कसे बचने के लिए उसके द्वारा मोबाइल नम्बर और बैंक खाते में विभिन्न माध्यमों से रकम ट्रांसफर करते चली गई। शिक्षिका ने मोबाइल नम्बर पर 19 मार्च को तीन बार में एक लाख रुपये, 20 मार्च को 20 हजार रुपये, शिक्षिका के पति द्वारा च्वाइस सेवा केन्द्र गांधी चौक से 30 हजार एवं 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया। पुन: 21 मार्च को 40 हजार रुपये, 22 मार्च को 45 हजार रुपये, 24 मार्च को तीन बार में क्रमश: 25 हजार रुपये, 40 हजार और 20 हजार रुपये, 25 मार्च को 50 हजार और 40 हजार रुपये इधर-उधर से व्यवस्था करके ठग के द्वारा बताए गए नम्बर में ट्रांसफर कर दिया। 4 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त करने के बाद ठग ने कहा कि आपका पैसा जमा हो रहा है, तीन दिन बाद वापस हो जाएगा। इतना रकम प्राप्त करने और ठग की डीमांड को देखकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ, और वे पुलिस के पास पहुंचीं। रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318(4) का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: