अंबिकापुर। शराब पीकर शोर मचाने से मना करने पर एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली महिला के गले में चाकू से प्राणघातक वार कर दिया। घायल महिला का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधनपुर में किराए के मकान में दिनेश बखला अपनी परिवार के साथ रहता है। बीते 23 नवम्बर को दिनेश बखला अपने मोबाइल से किसी महिला से बात कर रहा था, जिस पर वह समझाइश दी कि बाल-बच्चे वाले हो, किसी और महिला से क्यों बात करते हो। इसके बाद दिनेश उसके साथ झगड़ा करने लगा। बात बढ़ने पर उसकी पत्नी दो दिन तक बगल में रहकर मजदूरी करने वाली निर्मला रवि के घर में डर से सो रही थी। 25 नवम्बर को रात करीब 10.45 बजे दिनेश पुन: शराब पीकर अपने कमरे में आया और शोरगुल करने लगा, इस दौरान पड़ोसी रिमनी बाथरूम के पास हाथ-पैर धो रही थी। हल्ला करने से मना करने पर वह उसके साथ गाली-गलौज करने लगा और हाथ में रखे धारदार चाकू से रिमनी टोप्पो के गले में प्रहार कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। चाकू से हमला करने के बाद वह मौके से भाग गया। इसकी सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन के साथ पुलिस पहुंची और घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है, जिसका इलाज चल रहा है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर ली है।

Categorized in: