काउंटर ड्यूटी में उपस्थित महिला संदेह होने पर नायब पोस्टमास्टर को दी थी जानकारी
असली नोट के साथ नकली नोट खाता में जमा करने के लिए थमाया था  

अंबिकापुर। पोस्ट ऑफिस में नकली नोट खपाने का प्रयास करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जान-बूझकर नकली नोट को असली नोटों के साथ मिलाकर पोस्ट ऑफिस में खपाने पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500-500 के 58 नग जाली नोट एवं घटना को अंजाम देने के लिए डाकघर पहुंचने में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, एक लाख दो हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन, 01 पासबुक व नकली नोट जमा करने की पर्ची जप्त किया है। घटना की जानकारी पुलिस को नायब पोस्ट मास्टर प्रधान डाकघर अंबिकापुर ने दी थी। आरोपी ने उक्त नकली नोट झारखंड के एक व्यक्ति से प्राप्त होना बताया है, जिसकी तस्दीकी सहित अग्रिम जांच में पुलिस जुट गई है।


जानकारी के मुताबिक लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरियाबीरा का कपिल गिरी 14 मई को दोपहर करीब 12 बजे, 500 रुपये का 58 नोट के अलावा दो सौ रुपये के नोट लेकर जमा करने के लिए शहर के मुख्य डाकघर में पहुंचा था। इस दौरान डाकघर में नायब पोस्ट मास्टर मनोज कुमार पाण्डेय मौजूद थे। खाताधारक जमा पर्ची भरकर एक लाख रुपये जमा कर रहा था, तभी काउंटर ड्यूटी में उपस्थित एसबी काउंटर पीए नीलमनी केरकेट्टा को पांच सौ रुपये का नोट गिनते समय कुछ जाली नोट होने का आभास हुआ। सूक्ष्मता से नोटों का अवलोकन करने पर 500 रुपये के 58 नोट नकली निकले। इसकी जानकारी वह नायब पोस्ट मास्टर मनोज कुमार पाण्डेय को दी। उन्होंने उक्त नोट को देखा तो वह वास्तव में नकली प्रतीत हो रहा था। काउंटिंग मशीन ने भी उक्त नोट को स्वीकार नहीं किया। इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को देते हुए नायब पोस्ट मास्टर ने जान-बूझकर जाली नोट खपाने का प्रयास करने की जानकारी पुलिस को लिखित में दी है, जिस पर धारा 489-ए का मामला दर्ज कर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुट गई थी और खाताधारक कपिल गिरी निवासी तुरियाबीरा, थाना लुण्ड्रा को हिरासत में लिया था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दी है। जाली नोट के संबंध में आरोपी के द्वारा दिए गए बयान की तस्दीक करने में पुलिस लगी है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी के निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, अभिषेक दुबे, विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, भोजराज पासवान, संजीव त्रिपाठी, आरक्षक विकास सिंह, संजीव चौबे, सत्येंद्र दुबे, मनीष सिंह, राहुल सिंह, डॉयल 112 से आरक्षक अनिल राजवाड़े, चालक ललित सिंह शामिल रहे।


हनुमान छाप सिक्का बेचा था झारखंड के एक व्यक्ति को, पुलिस तस्दीक में जुटी
पुलिस टीम आरोपी कपिल गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह बताया कि कुछ दिनों पूर्व वह एक पुराना हनुमान छाप सिक्का झारखण्ड के एक व्यक्ति को बेचा था। उसी व्यक्ति के द्वारा 500-500 के 58 नग जाली नोट दिए गए थे। कुछ दिनों तक उक्त जाली नोट को घर में रखने के पश्चात घटना दिनांक को असली रुपये के साथ 58 नग जाली नोट को मिलाकर पोस्ट ऑफिस अंबिकापुर में एक लाख रुपये जमा करने आया था। जमा पर्ची भरकर अपने खाता में नकली नोट जमा करता, इसके पहले पोल खुल गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।

Categorized in: