अंबिकापुर। अंग्रेजी शराब दुकान में नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवक से डेढ़ लाख रुपये की ठगी के बाद गाली-गलौज और मारपीट करने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है।
कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम रनपुर खुर्द निवासी लोचन प्रसाद पिता कन्हैया लाल राजवाड़े 25 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि ग्रेजुएट तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद वह वर्तमान में बेरोजगार है। उसके मौसी का लड़का ओमप्रकाश राजवाड़े का संदीप गुप्ता पिता विजय गुप्ता निवासी ग्राम कांतिप्रकाशपुर, लुचकी से एक ही मोहल्ले में रहने के कारण जान-पहचान है। संदीप इसका फायदा उठाते हुए ओम प्रकाश से बोला कि अपने भाई का कहीं नौकरी क्यों नहीं लगवा देते हो। इस पर ओम प्रकाश बोला कि आजकल नौकरी आसानी से मिलता कहां है। संदीप उसे झांसे में लिया और कहा कि उसके फूफा दुकान में शराब सप्लाई करते हंै, उनसे बात करके तुम्हारे भाई का नौकरी अंग्रेजी शराब दुकान में लगवा दूंगा, लेकिन 1 लाख 50 हजार रुपये लगेगा। भाई का नौकरी लग जाएगा, सोचकर उसके झांसे में आ गया और 10,000 रुपये संदीप के मोबाइल नंबर पर फोन पे के माध्यम से 07.09.2024 को और 10.09.2024 को 1 लाख 40 हजार रुपये नकद दे दिया। उक्त राशि प्राप्त करने के बाद संदीप ने एक सप्ताह के अंदर नियुक्ति पत्र मिल जाने की बात कही। एक सप्ताह के भीतर नौकरी नहीं लगने पर जब वे संदीप से संपर्क किए तो अभी तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है कहते हुए वह टालमटोल करने लगा, और 15 दिन बाद नौकरी लग जाने की बात कहा। 15 दिन बाद भी नौकरी नहीं लगी, और वह नौकरी लगवाने का मात्र आश्वासन देते रहा। नौकरी नहीं लगने पर जब वह दिए गए रकम को वापस मांगा तो संदीप कहा कि आबकारी विभाग का डी.ओ. को पैसा दे दिया हूं, जब वो देंगे तब दंूगा। लगातार डेढ़ लाख रुपये वापस करने के लिए कहने पर वह 10 दिन बाद रकम वापस कर देने के लिए कहा। समय बीत गया, और रुपये वापस नहीं मिला तो बेरोजगारी की मार झेल रहा लोचन प्रसाद अपने भाई ओमप्रकाश के साथ रुपये लेने के लिए संदीप के पास गए तो वह गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने की धमकी देने लगा और रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया। पुलिस मामले में आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज करके अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

 

Categorized in: