अंबिकापुर। शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने एक अज्ञात युवक घंटों पड़े रह गया, अस्पताल के तमाम लोगों की आते-जाते नजर बेसुध पड़े युवक पर पड़ी, लेकिन उसे उपचार सुविधा मिल सके, इसकी किसी ने सुध नहीं ली, और उसकी मौत हो गई। मृत युवक का शिनाख्त नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृ एवं शिशु अस्पताल के सामने नाली के पास 30-35 साल का एक युवक रविवार से ही बेसुध स्थिति में पड़ा था। इस पर अस्पताल से आने-जाने वाले लोगों और राहगीरों की नजर पड़ती रही, लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बताया जा रहा है कि घुमंतू जीवनयापन करने वाले उसके इर्द-गिर्द गए, तक तक उसकी सांस चल रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था, जैसे वह शराब के नशे में सो रहा हो। ठंड भरी रात में युवक उसी हालत में पड़े रह गया। गस्त में निकली पुलिस की भी नजर उस पर पड़ी होगी, लेकिन उसे किसी ने कम्बल तक नहीं ओढ़ाया, और न ही अस्पताल परिसर में स्थित धर्मशाला या अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार को सुबह तक उक्त युवक की सांस थम गई थी और पूरा शरीर अकड़ गया था। एमसीएच परिसर के सामने पड़े युवक की सांस नहीं चलते देख संदेह होने पर इसकी सूचना अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र में दी गई। पुलिस ने मृतक का पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल के मर्च्युरी में रखवा दिया है, और सोशल मीडिया व जिले के विभिन्न थाना, पुलिस चैकी तक मृतक की तस्वीर को वायरल कर दिया है, ताकि उसकी पहचान हो सके। इधर अस्पताल के सामने लावारिस हाल में पड़े युवक की मौत को लेकर लोगों का कहना है कि मानवता के नाते अगर युवक को समय रहते उपचार की सुविधा सुलभ कराई गई रहती, तो उसकी जान बच सकती थी।

Categorized in: