फलदान कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे, दरिमा स्वास्थ्य केंद्र में नहीं मिले चिकित्सक

अंबिकापुर। मैनपाट के सपनादर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 8 लोग घायल हो गए। सभी फलदान कार्यक्रम में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। नजदीकी अस्पताल में चिकित्सक के नहीं मिलने पर सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार सपनादर से कार में सवार होकर आठ लोग दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा दमाली फलदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सपनादर के पास वाहन तेज गति में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की खबर मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को नजदीकी शासकीय अस्पताल भेजा, लेकिन दरिमा स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक नहीं मिले, जिससे जिले में लचर चिकित्सा व्यवस्था की तस्वीर सामने आई। अस्पताल में केवल दो नर्सें मौजूद थीं, जिन्होंने डॉक्टर के नहीं रहने के कारण इन्हें भर्ती करने से इन्कार कर दिया। ऐसे में घायलों को आननफानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया गया, यहां मनिजर यादव (25), रामभजन (18), तुलेश्वर (27), पप्पू (18), जितेंद्र (28), प्रेमनाथ (30), करण यादव (19) और अनिल यादव (25) का उपचार चल रहा है।

Categorized in: