बीजापुर। जिले में पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में नक्सलियों के टॉप स्नाइपर के मारे जाने की खबर है। जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ हुई है। मारे गए नक्सली की पहचान सोढ़ी कन्ना के रूप में हुई है, जो माओवादी संगठन के मिलिट्री कंपनी का स्नाइपर था। वह सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के किस्तारम का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ सरकार ने इस खूंखार नक्सली पर 10 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को एंटी नक्सली ऑपरेशन लांच किया गया था। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी), सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। तभी बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कारर्वाई में एक नक्सली मारा गया है। हथियार भी बरामद किया गया है। एनकाउंटर में कुछ और नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है। अभी सर्चिंग टीम वापस नहीं लौटी है। उनके आने के बाद ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।

मॉनसून में भी चल रहा ऑपरेशन
बता दें कि पिछले महीने 22 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर आए थे। उन्होंने कहा कहा था कि नक्सलियों को इस बार बरसात में भी सोने नहीं देंगे। बारिश के दिनों में भी उनके खिलाफ एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी रहेगा। केंद्रीय गृहमंत्री के इस संदेश के बाद छत्तीसगढ़ में पहली बार मॉनसून के दौरान भी एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है। बता दें कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ से मार्च-2026 तक नक्सलवाद को खत्म करने की डेडलाइन तय की है।

बैकफुट पर माओवादी संगठन
बता दें कि बस्तर संभाग में सीआरपीएफ, स्पेशल टॉस्क फोर्स, छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स, बस्तर फाइटर, कोबरा बटालियन, डीआरजी और पुलिस बल का ज्वाइंट ऑपरेशन चल रहा है। बस्तर संभाग के जिलों नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर में लगातार नक्सल ऑपरेशन चल रहे हैं। बीहड़ जंगलों में फोर्स के कैंप खुलने से माओवादी संगठन बैकफुट पर हैं। हाल के मुठभेडों में कई केंद्रीय स्तर के नक्सली नेता मारे गए हैं, जिन पर करोड़ों रुपये के इनाम थे।

Categorized in: