अंबिकापुर। जमीन बेचने के बाद मिले रुपये के बंटवारा को लेकर हुए विवाद में पिता ही बड़े पुत्र की जान का दुश्मन बन गया। पहले तो मां-पिता और छोटे भाई ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की, बाद में पिता ने ही आहत पुत्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। इलाज के बाद स्वस्थ होने पर युवक घर आ गया था। पुन: तबियत बिगड़ने पर अंबिकापुर लेकर आते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जशपुर जिला के ग्राम नारायणपुर कुनकुरी निवासी मृतक की पत्नी, कामना भगत ने पुलिस को बताया है कि दो-तीन साल पहले उसके ससुर शिवशंकर यादव पंचायत चुनाव के लिए पांच डिसमिल जमीन बिक्री किए थे। पैसे के बंटवारा को लेकर उसके पति और ससुर के बीच विवाद चल रहा था। 13 फरवरी को रात करीब 8.30 बजे कौशल यादव अपने पिता से अपने हिस्से का पैसा मांगने लगा, जिससे क्षुब्ध पिता शिवशंकर, मां चंदमुनि भगत और भाई अंकुश यादव जमकर मारपीट किए। इसके बाद शिवशंकर घर में रखे पेट्रोल को अपने पुत्र कौशल के ऊपर डालकर आग लगा दिया। स्वजन उसे नारायणपुर अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां से रिफर करने पर होली क्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के बाद चिकित्सक ने युवक की छुट्टी कर दी थी। 23 फरवरी को युवक की खाना खाने के बाद तबियत बिगड़ गई, 24 फरवरी को स्वजन उसे होली क्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय चैकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस केस डायरी अग्रिम कार्रवाई के लिए घटना थाना क्षेत्र की पुलिस को सौंपेगी।

Categorized in: