किराए के मकान में पत्नी के साथ रहकर भीख मांगता था मृतक
अंबिकापुर। भीख मांगकर गुजारा करने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। चोट का कारण एक व्यक्ति के द्वारा विवाद करते हुए धक्का देना बताया जा रहा है। पुलिस ने संदेह निवारण के लिए मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के मुताबिक एमसीबी जिला के केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोकड़ा निवासी रामनरेश पिता स्व. हीरालाल बसोड़ 47 वर्ष, अपनी पत्नी अनारकली के साथ बिजुरी के ग्राम लोसरा में किराए के मकान में रहकर पिछले एक साल से भीख मांगकर जीवकोपार्जन कर रहा था। हाल में बैकुंठपुर के ग्राम सलका का जुगनू पिता जितेन्द्र बसोड़ ग्राम गोकड़ा मेहमानी में गया था। रामनरेश का बीते 4 अक्टूबर को जुगनू से वाद-विवाद हुआ और वह उसे धक्का दे दिया, जिससे वह दीवार से टकरा गया था, उसे पसली में चोट आई थी। उसकी पत्नी अनारकली अपने पति के हाथ की पसली में आई चोट को देखते हुए तेल से मालिस कर देती थी। चोट के स्थान से चमड़ी का परत हटने लगा, लेकिन दर्द से उसे मुक्ति नहीं मिल रही थी। 9 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी के साथ मनेन्द्रगढ़ जिला अस्पताल पहुंचा, यहां उसे भर्ती होने की सलाह दी गई। 10 अक्टूबर को रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर स्वजन पहुंचे, यहां रात 10.30 बजे उसकी मौत हो गई। मामला धक्का देने से आई चोट से जुड़ा है, इसलिए पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

Categorized in: