संभागीय आबकारी विभाग की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करके भेजा जेल
अंबिकापुर। आबकारी उड़नदस्ता टीम ने शनिवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के राजपुर, बूढ़ाबगीचा से इंजेक्शन विक्रेता व ढाबा संचालक के सहयोगी को अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार करके जेल भेजा है। जप्त किए गए इंजेक्शन की कीमत 53 हजार रुपये बताई जा रही है।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर, शनिवार को गस्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बघिमा स्थित शर्मा ढाबा से अवैध विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है। ढाबा पहुंचने पर अरुण कुमार सिंह मौके पर उपस्थित मिला, जो ढाबा का संचालन मालिक की अनुपस्थिति में करता है। तलाशी लेने पर ढाबा एवं घर और ढाबे में खड़ी इनोवा वाहन से 13 नग सिम्बा स्ट्रांग बियर, दो रॉयल चैलेंज व्हिस्की का बोतल तथा 10 पाव आफ्टर डार्क व्हिस्की बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत अरुण कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान ही मुखबिर से सूचना मिली कि बूढ़ा बगीचा राजपुर में सूरज सोनी अपनी दुकान एवं घर से नशीला इंजेक्शन खुलेआम बेच रहा है। आबकारी उड़न दस्ता टीम रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सूरज सोनी के घर एवं दुकान में दबिश दी। घर की तलाशी में किचन रूम से एक थैली में अलग-अलग नाम से 53-53 नग इंजेक्शन मिला। टीम ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय राजपुर में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से इन्हें जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ आबकारी उप निरीक्षक टी आर केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।
बयान
सरगुजा संभाग को नशीले इंजेक्शन एवं अन्य नशे से मुक्त करने की दिशा में अथक प्रयास जारी है। किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। आम जनों को भी इस दिशा में जागरूक रहने की जरूरत है, ताकि नशे के गर्त में जाकर आने वाली पीढ़ी बरबाद न हो।
रंजीत गुप्ता, सहायक जिला आबकारी अधिकारी

Categorized in: