अंबिकापुर। क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। बौरीपारा अंबिकापुर निवासी सामू साय तिग्गा पिता जिसवा राम 43 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि उसके मोबाइल नंबर पर 22 मार्च को अनजान मोबाइल नंबर के धारक ने अपना परिचय एसबीआई बैंक के कर्मचारी के रूप में दिया और कहा कि क्रेडिट कार्ड के बारे में बात करने लगा। जब उसने क्रेडिट कार्ड का उपयोग नहीं करने की बात कहते हुए इसे बंद कराने कहा तो वह बोला कि यदि आज अपना क्रेडिट कार्ड बंद नहीं कराएंगे तो 1900 रुपये खाते से कट जाएगा। इससे पहले भी क्रेडिट कार्ड का वार्षिक चार्ज उसके खाते से कटा था, इसलिए वह बैंक का कर्मचारी समझकर उसके झांसे में आ गया। इसके बाद जालसाज ने क्रेडिट कार्ड बंद करने की प्रक्रिया के दौरान उसके मोबाइल में आने वाले ओटीपी को बताने के लिए कहा। काफी देर बात होने के बाद वह कहा कि उनके द्वारा बैंक में पूर्व में दूसरा जन्मतिथि बताया गया था, इस कारण क्रेडिट कार्ड बंद नहीं हो रहा है। इसके बाद वह बैंक पासबुक का फोटो मोबाइल में भेजने के लिए कहा और ओटीपी बताने के लिए कहा। ओटीपी बताने के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अंबिकापुर के खाता से दो बार में 25-25 हजार रुपये, कुल 50 हजार रुपये कट गया। इसके बाद जालसाज से संपर्क नहीं हुआ। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज करके विवेचना में लिया है।

Categorized in: