अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने कार सवार युवक व अपचारी बालक के कब्जे से 520 नग, 1920 एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन जप्त किया है, इसकी कीमत करीब 4 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की योजना उक्त मादक पदार्थ को अंबिकापुर से खरीदने के बाद जगह-जगह बेचते हुए अपने गांव भदार राजपुर ले जाकर बेचने की थी।
जानकारी के मुताबिक 22 मार्च को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संजय पार्क के सामने सूनसान जगह में कार क्रमांक सीजी 15 बी 7602 में सवार दो लड़के प्रतिबंधित इंजेक्शन रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर घेराबंदी करते हुए संजय पार्क के पास पहुंची तो कार में बलरामपुर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भदार का समीर अली पिता उमरूद्दीन 21 वर्ष व एक किशोर बैठे मिले। सूनसान स्थान पर कार खड़ा करके बैठने का कारण पूछने पर ये गोल-मोल जबाब देने लगे। गवाहों के समक्ष कार का तलाशी लेने पर डिक्की में रखे सफेद रंग के झोला में अलग-अलग नाम का कुल 11 सौ प्रतिबंधित इंजेक्शन मिला, जिसका कोई भी कागजात आरोपियों के पास नहीं था। पुलिस के मुताबिक जप्त किए गए इंजेक्शन का बाजार भाव करीब 4 लाख 16 हजार रुपये है। प्रतिबंधित इंजेक्शन नशीला है, जिसमें एनआरएक्स लिखा है और ब्यूप्रेनारफिन नामक नारकोटिक्स मिले होने का उल्लेख है। पुलिस ने कार सहित अपचार बालक और युवक को अपने कब्जे में लिया है। इनके विरूद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड एवं दूसरे आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक दिलिप दुबे, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, सदरक लकड़ा, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा सक्रिय रहे।

Categorized in: