बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम, जांच में जुटी पुलिस
लखनपुर। थाना क्षेत्र के पैलेस रोड में स्थित जिला सहकारी बैंक में पैसा निकालने आए ग्रामीण से चिल्हर रकम मांगने के बहाने बाइक सवार दो बदमाश 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक प्रेम शंकर पिता रुहिया 45 वर्ष ग्राम लब्जी जामा का रहने वाला है, जो 21 मार्च शुक्रवार की दोपहर जिला सहकारी बैंक लखनपुर से 30 हजार रुपये निकासी करने के बाद बाहर निकला। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसे मोटरसायकल में बैठाकर नेशनल हाईवे 130 में चंदनई नदी के पास ले गए और उससे 500 रुपये का चिल्हर मांगने लगे और जेब में रखा 30 हजार रुपये लूटने के बाद ग्रामीण को कपड़े में बंधे ईट, पत्थर को पकड़ाकर वार्ड क्रमांक 4 में तालाब के पास लाकर छोड़ दिए। इसके बाद मोटरसायकल सवार दो बदमाश फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना लखनपुर थाने में दी है। सूचना मिलने पर लखनपुर थाना पुलिस जिला सहकारी बैंक पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई है। बता दें कि वनांचल क्षेत्र से लखनपुर जिला सहकारी बैंक में पैसा निकालने के लिए आने वाले भोले-भाले किसानों को बदमाश अपना निशाना बनाते आ रहे हैं। पूर्व में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिस पर विराम नहीं लग पा रहा है।

Categorized in: