पति सहित परिचितों और संबंधियों को भेजा आपत्तिजनक संदेश, केस दर्ज

अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने राजस्थान के एक व्यक्ति पर फोन करके चारित्रिक लांछन लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
विवाहिता ने पुलिस को बताया है कि सिक्कर राजस्थान के इदका रोड वार्ड क्रमांक-2 का शाहरूख राइन पिता अहमद राइन 27 वर्ष उसे अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन करके परेशान कर रहा है, जिस कारण वह अपना फोन नंबर बंद कर दी है। इसके बाद उक्त युवक उसके पति को लगातार फोन करके अनर्गल और अमर्यादित बातें करके सारे कान्टेक्ट को फोन करके अश्लील वीडियो भेजने की धमकी देने लगा। आरोपी के द्वारा उसके पति को वीडियो कॉल करने व पत्नी से बात कराने के लिए बाध्य किया जा रहा था। उसकी बातों को सुनकर जब पति ने गाली-गलौज किया तो वह उसके पति के दोस्तों, संबंधियों को फोन करके अमर्यादित बातें बताने लगा। विवाहिता के कान्टेक्ट नम्बरों पर आरोपी के द्वारा लगातार कॉल करने और उसके खिलाफ गंदी व अश्लील बातें करने से परेशान विवाहिता के पति सहित अन्य ने भी मोबाइलधारक के नम्बर को ब्लॉक कर दिया लेकिन वह अलग-अलग नम्बरों से उन्हें फोन करने जैसी हरकतें करने में लगा है। इस प्रकार की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता खुदकुशी करने का प्रयास भी कर चुकी है, लेकिन पति ने उसे ऐसा करने से रोका। विवाहिता का कहना है संबंधित युवक के द्वारा उसके पति को तलाक देने या जान से मार देने के लिए उकसाने का प्रयास भी किया गया है और बात नहीं करने पर उसे जान से मार देने की धमकी भी दी गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसके तलाश में जुट गई है।

Categorized in: