हाईवा के चालक ने बाइक सवारों को एनएच में ठोकर मारा, किशोर सहित 2 की मौत
उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 3 किलोमीटर के फासले में अंबिकापुर बिलासपुर मुख्य मार्ग, एनएच-130 से लगे ग्राम दावा में ओवरब्रिज पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवयुवक और एक किशोर की मौत हो गई। मामला मंगलवार दोपहर का है।
मोटरसाइकिल सवार ग्राम पंचायत डांडगांव निवासी सुनील पिता सालसाय 24 वर्ष और मुन्ना पिता कैलाश 15 वर्ष, जंगलों में लगी आग को बुझाने मशीन लेकर डांडगांव से कोटमी जंगल जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हाईवा ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन्हें ठोकर मार दिया जिससे दोनों मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गए। एक ने मौके पर दम तोड़ दिया था, दूसरे को गंभीर चोट आई थी। सूचना मिलते ही मौके पर उदयपुर पुलिस की टीम डॉयल 112 वाहन के साथ पहुंची और दोनों को सीएससी उदयपुर ले गए, रास्ते में ही दूसरा घायल भी दम तोड़ दिया। हृदयविदारक दुर्घटना को देखकर राहगीर और आसपास के लोग सहम उठे। बताया जा रहा है इन्हें वन विभाग की ओर से आग बुझाने के लिए ब्लोअर दिया गया था, और वे डांडगांव से कोटमी जंगल में लगे आग को बुझाने जा रहे थे। जंगल में लगी आग तो नहीं बुझ पाई लेकिन दो घर-परिवार का चिराग बुझ गया। उदयपुर पुलिस द्वारा घटना की सूचना स्वजनों को दी गई थी। इनके पहुंचने के बाद मृतकों के शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम किया गया, इस दौरान स्वजन का करूण क्रंदन सुनकर लोगों की आंखें नम हो गई। पुलिस दुर्घटनाकारित हाईवा वाहन के तलाश में लगी है।

Categorized in: