होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज में सामने आया रैगिंग का मामला

अंबिकापुर। शहर के होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज से रैगिंग का मामला सामने आया है। एक छात्रा ने अपने क्लॉसमेट एवं सीनियरों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कॉलेज प्रबंधन पूरे मामले में जांच कर दोषी पर कार्रवाई करने की बात कह रहा है। पीड़ित छात्रा के स्वजन ने उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक से भी मामले की शिकायत की है।

होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज में एक छात्रा ने अपने ही कॉलेज के क्लासमेट एवं अपने सीनियरों पर मारपीट करने तथा खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा ने कहा कि बिना किसी वजह के जो बात वह नहीं बोली थी, उसे स्वीकारने कहा जा रहा था। ऐसा करने से जब वह मना की तो उसके साथ मारपीट भी की गई। आरोप है कि लड़कियां पिछले कई सप्ताह से उसके साथ इस तरह की हरकतें कर रही थी। गाली-गलौज करके उसे उकसाने का काम किया जा रहा था। पीड़ित छात्रा ने बताया कि उसके साथ किए गए मारपीट का विडियो बनाया गया है, जिसे सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी भी दी गई है। छात्रा ने इसकी शिकायत अपने स्वजन के साथ उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक से भी की है।
कॉलेज की इंटरनल कमेटी करेगी जांच
होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रोफेसर अकिल अहमद ने जांच कराने की बात कही है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि यह पूरा मामला रैगिंग से जुड़ा हुआ है अथवा कुछ और, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकता है। छात्राओं ने शिकायत में स्पष्ट नहीं किया है कि आखिरकार ऐसा कौन सा मामला था, जिसकी वजह से उसे परेशान किया जा रहा है। जब कॉलेज की इंटरनल कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी तभी इस पूरे मामले की सही जानकारी मिल पाएगी। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि दोनों पक्षों को बुला कर बात करेंगे और पूरे मामले की जांच कराएंंगे।
मामला गंभीर, कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
उप संचालक उच्च शिक्षा विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज प्रबंधन से पूरी जानकारी मांगने की बात कह रहा है। उप संचालक रिजवान उल्ला का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है छात्रों के साथ अगर ऐसा हो रहा है तो आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Categorized in: