शिकायत पर सांसद एवं कलेक्टर ने दिए सीएमएचओ को कार्रवाई के निर्देश

अंबिकापुर। सरगुजा के बकनाकला की एक महिला ने शहर के निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरतने से गर्भस्थ शिशु की मौत होने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत सरगुजा कलेक्टर के जनर्दशन में मंगलवार को की गई है। जनदर्शन में उपस्थित सांसद चिंतामणि महराज और कलेक्टर विलोस भोस्कर ने महिला के आवेदन को गंभीरता से लिया और सीएमएचओ को मामले की पूरी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बकनाकला निवासी ज्योति गुप्ता पति नितेश गुप्ता ने अपने आवेदन में बताया है कि बीते 16 अप्रैल को गर्भ में पल रहे बेबी का हलचल बंद होने के कारण वह अंबिकापुर के एक निजी हॉस्पिटल में प्रसव के लिए दोपहर 12 बजे भर्ती हुई। जांच के बाद डॉ. साठी मण्डल ने बताया कि सब ठीक है, सामान्य प्रसव कराएंगे और दिक्कत होते रहेगा तो शाम 7 बजे ऑपरेशन करेंगे। इसके बाद एक नर्स के भरोसे छोड़कर चिकित्सक चली गई थी। असहनीय दर्द होने पर स्वजन ने नर्स से डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा लेकिन वह नहीं आई। बताया गया कि चिकित्सक एक्सरसाइज कर रही हैं, उन्होंने 7 बजे का समय दिया है उसी समय आएंगी। महिला ने बताया है कि तत्समय तक उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई थी, पर नर्स के द्वारा बताया गया कि शिशु का हार्टबीट ठीक है। अस्पताल में जांच के लिए कोई विशेष उपकरण नहीं था, नर्स द्वारा सामान्य कीट से गर्भस्थ शिशु की जांच की जा रही थी। आरोप है कि शाम 5.30 के लगभग तबियत और ज्यादा बिगड़ने लगी, शिशु का हार्टबीट भी काफी कम होने लगा तो नर्स के द्वारा बिना काम का ऑक्सीजन लगाया गया। काफी मिन्नत करने के बाद भी डॉक्टर नहीं आई। चिकित्सक के नहीं पहुंचने पर तबियत और बिगड़ते चली गई। शाम 6.30 बजे के आसपास आने के बाद वह लगभग आधे घंटे तक चेक करते रह गई। इसके बाद ऑपरेशन के लिए ले जाया गया पर ऑपरेशन करने के लिए पूर्व तैयारी नहीं की गई थी। ऑपरेशन के बाद बताया गया कि शिशु मृत पैदा हुआ है। महिला का कहना है कि अगर चिकित्सक ने समय पर उचित उपचार सुविधा मुहैया कराई होती तो संभवत: उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने महिला चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। महिला ने अस्पताल संचालक द्वारा खरी-खोटी सुनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि दो माह तक उपचार और चार महीने तक अवसाद में रहने के बाद अब वह शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को सुदृढ़ महसूस कर रही हंै। मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर सांसद व कलेक्टर ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Categorized in: