अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा जारी साइबर जागरूकता अभियान के तहत अंदरूनी बस्तियों तक के नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत ऑनलाइन ठगी की घटनाओं से बचने सहित खाता संबंधी जानकारी का आदान-प्रदान करते समय या आधुनिक तकनीकि का उपयोग करते समय सावधानी बरतने सजग किया गया। साइबर संबंधी ऑनलाइन घटना होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने कहा गया। यह हेल्पलाइन नंबर साइबर अपराध की तुरंत रिपोर्ट करने और त्वरित सहायता प्राप्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम है। साइबर वालंटियर ने नागरिकों को जानकारी दी कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या ऐसा कोई अपराध होता है, तो वे इस नंबर पर कॉल करके तत्काल मदद प्राप्त कर सकते हैं।
इन्हें ऑनलाइन ठगी, खाता संबंधित जानकारियों को गोपनीय रखने, किसी अनजान को नहीं देने, सोशल मीडिया साइट में अनजान लोगों से मित्रता नहीं करने सहित डॉयल 112 आपातकालीन सेवा और 181 महिला हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में बताया गया। इन्हें बताया गया कि महिला हेल्पलाइन महिलाओं के खिलाफ होने वाले साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग और उन्हें तत्काल सुरक्षा सहायता प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण है। नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया ताकि नागरिक साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कर सकें। कार्यक्रम के दौरान अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी प्रदान की गई, जो महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में मदद करता है। किसी भी परिस्थिति में बैंकिंग कारोबार के समय ओटीपी साझा नहीं करने, फिशिंग ईमेल से सतर्क रहने और संदिग्ध ऑनलाइन लिंक पर क्लिक नहीं करने कहा गया। इस दौरान पुलिस टीम के साथ साइबर वॉलंटियर अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता शामिल रहे।

Categorized in: