अंबिकापुर। घर में घुसकर मारपीट और बलपूर्वक स्कार्पियो वाहन में बैठाकर ले जाने के मामले में भटगांव थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत वार्ड नं. 15, बी-टाइप कॉलोनी निवासी कुमार हर्षित प्राइवेट नौकरी करता है। 13 अक्टूबर की रात को करीब 08.15 बजे भटगांव निवासी आदित्य अपने तीन अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर घर के अंदर से खींचकर उसे बाहर निकाला और मारते-पीटते एसईसीएल अस्पताल ले गए, यहां आने के बाद इन्होंने उसके साथ पुन: मारपीट किया। हर्षित पुलिस को बताया है कि मिशन चौक के पास एक स्कूटी उसकी वाहन से टकरा गई थी। इसकी जानकारी वह अपने मित्रों को फोन से देने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने कहा था। इसके बाद अपनी गाड़ी को घर में खड़ा करके मोटरसाइकिल से एसईसीएल अस्पताल पहुंचा। यहां उसके दोस्त सावन एवं अन्य जख्मी लोगों को लेकर पहुंचे थे। इसके बाद वहां खड़े वरिष्ठजनों ने उसे अपने पिता को भेजने के लिए कहा, जिस कारण वह घर आ गया था। आरोप है कि कुछ देर बाद 3-4 लोग उसके घर के अंदर घुस गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। शोरगुल सुनकर उसके पिता बाहर भागे तो इन्होंने उनके साथ भी गालीगलौज करना शुरू कर दिया। इसके बाद सभी उसे घर के अंदर से खींचते हुए बाहर निकाले और स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15डीजे 0004 में बलपूर्वक डालकर अस्पताल की तरफ ले जाने लगे। इस दौरान आरोपित चाकू दिखाकर उसे जान से मारने के लिए धमका रहे थे। अस्पताल आने के बाद युवक को स्कार्पियो से नीचे उतारा और दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए सावन के साथ भी इन्होंने मारपीट की। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 333, 351(2) का मामला दर्ज किया है।

Categorized in: