सिमेंट सहित निर्माण सामग्रियों, विद्युत दरों में वृद्धि के साथ बदतर कानून व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने दिया धरना
अंबिकापुर। सिमेंट सहित सभी प्रकार के निर्माण सामग्रियों की कीमतों और विद्युत दरों में वृद्धि के साथ ही सरगुजा संभाग में बदतर हो चुकी कानून व्यवस्था को लेकर गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने डाटा सेंटर के पास धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सिमेंट कंपनियों के द्वारा परस्पर सहमति से सिमेंट की बोरियों का दाम 50 रुपये बढ़ाए जाने के बाद प्रदेश स्तर पर महंगाई को लेकर जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन आहूत किया था।
आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि सिमेंट कंपनियां छत्तीसगढ़ के संसाधनों को कौड़ी के मोल खरीद कर उससे सस्ता सीमेंट बनाती हैं और छत्तीसगढ़ के लोगों को ही महंगा सिमेंट बेच रहीं हैं। सिमेंट कंपनियों का यह मनमाना व्यवहार नहीं चलेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के आदिवासी नेतृत्व को निशाना बनाते हुए संदीप लकड़ा हत्याकांड के संदर्भ में कहा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते हुए आदिवासियों को थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रदर्शन करना पड़ता है, तब एफआईआर होती है। पुलिस की लापरवाही से एक आदिवासी की हत्या कर उसके लाश को दफन कर दिया जाता है और पुलिस तीन महीने तक सोते रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ इस असफल सरकार को उखाड़ फेंकेगी। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि प्रदेश का प्रशासन अकर्मण्य हो चुका है। प्रशासन पूरी तरह से पूजिपतियों के लिए कार्य करते हुए आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन को उजाड़ने में लगा है। उसे जनकल्याण की कोई चिंता नहीं है। निगम के सभापति अजय अग्रवाल ने कहा कि जबसे प्रदेश में विष्णुदेव सरकार आई है, कीमतें दोगुनी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन का हवाला देते हुए प्रदेश में भाजपा ने सरकार बनाई, लेकिन इस देश में जहां-जहां डबल इंजन की सरकार है वो सबसे बदहाल हाल में हैं। डबल इंजन की सरकारों को जनकल्याण से कोई लेना-देना नहीं है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। प्रदेश सरकार की अकर्मण्यता से जनता महंगाई के बोझ तले दब गई है। सरकार अपनी असफलता को छिपाने के लिए धार्मिक भावनाओं को भड़का रही है और उसके आड़ में छुप रही है। अंत में सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि अधिकांश सिमेंट कंपनियों में मोदी सरकार की लाड़ली कंपनी अदानी की 80 प्रतिशत तक भागीदारी है। अदानी को फायदा दिलवाने के लिए सिमेंट की कीमतों में भारी भरकम वृद्धि की छूट प्रदेश सरकार दी है। सभा का संचालन दुर्गेश गुप्ता ने, आभार प्रदर्शन शंकर प्रजापति ने किया। सभा को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, नुरुल अमीन सिद्दीकी, सत्येन्द्र तिवारी, लालचंद यादव, विकल झा, आतिश शुक्ला, प्रमोद चौधरी, दीपक मिश्रा, रजनीश सिंह, अविनाश कुमार, मिथुन सिंह, परवेज आलम गांधी, मिथुन सिंह ने भी संबोधित किया। सभा में अनीमा केरकेट्टा, गीता श्रीवास्तव, सरोज साहू, अनूप मेहता, गुरुप्रीत सिद्धू, नरेन्द्र विश्वकर्मा, फैसल सिद्दीकी, अमित सिंह, अभिषेक सिंह, विकास केशरी, केदार यादव, मो. काजू खान, मो. बाबर, विनोद एक्का, कृष्ण कुमार गुप्ता, संजय सिंह, सुदामा कुर्रे, विकास दुबे, पटेल चौधरी, नितेश ताम्रकार, रजनी, कपसा बाई, अंजू सिंह, प्रिति सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
सरकार कर रही कमीशनखोरी-शफी अहमद
श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद ने विष्णुदेव सरकार पर आरोप लगाया कि सिमेंट के रेट में वृद्धि करवाकर सरकार कमीशनखोरी कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति हुई है, उसके तुरंत बाद सिमेंट कंपनियों ने सिमेंट की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि की है। स्पष्ट है कि सरकार और सिमेंट कंपनियों की भागीदारी से सिमेंट के दामों में वृद्धि हुई है। उन्होंने एक बार फिर सड़कों पर गायों की दुर्घटना से हो रही मौतों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा गौ सेवा का ढोंग करती है, दूसरी ओर गायों की दुर्घटना में मौत पर संवेदना तक जाहिर नहीं कर रही है।
सांय-सांय चौतरफा स्थिति खराब-श्रीवास्तव
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि विष्णुदेव साय के शासनकाल में कीमतों में वृद्धि हो रही है सांय-सांय, भ्रष्टाचार भी बढ़ रहा है सांय सांय और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब हो रही है सांय-सांय। उन्होंने आरोप लगाया प्रदेश की नौकरशाही इस अकुशल सरकार पर हावी हो गई है, जिससे पूरे प्रदेश का प्रशासनिक तंत्र गड़बड़ा गया है।
