गेतरा गांव में हुए हादसा के बाद मची खलबली

 बिश्रामपुर – सूरजपुर जिले के ग्राम गेतरा में शनिवार की सुबह छुई खदान धसकने से एक युवती की दबने से मौत हो गई, वहीं दो महिलाएं आहत हुई है। इन्हें उपचार के लिए यहां जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हादसे से गांव में शोक का वातावरण है।

बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह जिले के ग्राम पंचायत सलका महादेवपारा निवासी 18 वर्षीय फुलमेत पिता धनसाय गोंड,़ दलबिंदर पति झेलसाय 26 वर्ष, परमेश्वरी पति स्व. रतन सिंह 35 वर्ष समेत गांव की 11 महिलाएं तीज पर्व के पूर्व घर की पुताई के लिए ग्राम पंचायत गेतरा के खुटिया नाला के पास अवैध छुई खदान में मिट्टी लेने के लिए गई थीं। फुलकुंवर गड्ढे नुमा खदान के नीचे से छुई मिट्टी निकाल रही थी, जबकि परमेश्वरी व दलविंदर गड्ढे से ऊपर खड़ी होकर छुई मिट्टी निकालने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान बारिश से गीली मिट्टी भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे छुई मिट्टी निकाल रही 22 वर्षीय फुलकुंवर पूरी तरह मिट्टी के नीचे दब गई, जबकि ऊपर खड़ी 36 वर्षीय परमेश्वरी व 27 वर्षीया दलविंदर मिट्टी के ऊपरी भाग में दब गई। साथ में गई अन्य महिलाओं ने तीनों को भारी जद्दोजहद के बाद मिट्टी से बाहर निकाला। इस बीच गांव में भी हादसे की खबर पहुंच गई थी और गांव से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। हादसे में फुलकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गम्भीर रूप से आहत परमेश्वरी व दलविंदर को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। दोनों घायल महिलाओं की स्थिति अब खतरे से बाहर है। एक युवती की मौत से गांव में शोक का माहौल है। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। गमगीन माहौल में युवती के शव का अंतिम संस्कार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के तत्काल बाद जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची थी।

गीली मिट्टी होने से धसा खदान
सूरजपुर थाना प्रभारी विमलेश दुबे ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है। शव का पंचनामा करा पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। मिट्टी गिली होने के कारण खदान का उपरी हिस्सा दब गया है।

तहसीलदार और वन अमला पहुंचा मौके पर
घटना की सूचना पर मौके पर सूरजपुर तहसीलदार समीर शर्मा और वन विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। समीर शर्मा ने बताया कि मिट्टी निकालने के दौरान सुरंग बन गई है, जिसे बंद कराया जाएगा। खदान पूरी तरह से असुरक्षित है।

Categorized in: