अंबिकापुर। हत्या का प्रयास के मामले में सीतापुर थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद किया है।
रघुनाथपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम गंगापुर निवासी अशोक कुमार प्रजापति ने सीतापुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि बीते 13 मई को बहन लक्ष्मनिया प्रजापति को उसका पति विजय कुमार प्रजापति टांगी से वार करके गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। पीड़िता को वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा बतौली से रेफर करने पर जिला अस्पताल अंबिकापुर ले गए थे। मामले में थाना सीतापुर में धारा 294, 323 भादवि का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। चिकित्सक ने रिपोर्ट में महिला को आई चोटों से मृत्यु संभव होना बताया था। इसके बाद पुलिस मारपीट के प्रकरण में धारा 307 जोड़कर आरोपी विजय कुमार प्रजापति 48 वर्ष साकिन महेशपुर कसाईडीह को घेराबंदी करके पकड़ी। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर टांगी से जानलेवा हमला करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक शिवचरण साहू, प्रधान आरक्षक नन्दकुमार प्रजापति, आरक्षक धनकेश्वर यादव, पंकज देवांगन शामिल रहे।

Categorized in: