संकुल केन्द्र बटवाही में मेगा पालक-शिक्षक बैठक आयोजन को लेकर रहा उत्साह
अंबिकापुर। संकुल केन्द्र बटवाही में मेगा पालक-शिक्षक बैठक आयोजन शासन के निर्देशानुसार बच्चों की पढ़ाई के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा और प्रगति से भी अवगत कराया गया। पालकों से 12 बिन्दुओं पर चर्चा की गई। पूर्व उपसरपंच सोनू यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया और संकुल के बच्चों ने सरस्वती वंदना व राज्य गीत की प्रस्तुती दी। स्वागत उद्बोधन रिंकी और सरला गुप्ता ने दिया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में वीडियो प्रोजेक्टर द्वारा स्कूलों की विभिन्न गतिविधियों से पालकों को अवगत कराया गया। इन्हें बताया गया कि सरकारी स्कूलों में भी प्राइवेट स्कूल की तर्ज पर पढ़ाई होने लगी है वह भी नि:शुल्क। विद्यार्थियों ने शिक्षा एक सोच पर लघु नाटिका का मंचन किया। वहीं सरला गुप्ता व रिंकी पैकरा ने लघु नाटिका के बीच में 12 बिंदुओं पर चर्चा करके पालकों से संवाद किया। मेरा कोना, छात्र दिनचर्या, बच्चों ने आज क्या सीखा, बच्चा बोलेगा बेझिझक, बच्चों की शैक्षणिक प्रतियोगिता, परीक्षा प्रति चर्चा, पुस्तक की उपलब्धता सुनिश्चित करना, बस्ता रहित शनिवार, विद्यार्थियों के आयु के अनुरूप स्वास्थ्य परीक्षण व पोषण, आय व निवास प्रमाण पत्र बनवाने, न्योता भोजन जैसी कई जानकारियां दी गई। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिक्षा हेतु पालकों एवं छात्रों को जागरूक किया गया। ई-जादुई पिटारा और दीक्षा ऐप भी पालकों के मोबाइल पर डाउनलोड करवाया गया। कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उन्नति और सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के पालकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संकुल बटवाही अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों के पालक, शिक्षक के अलावा नोडल अधिकारी बैरागी, विकासखंड स्रोत समन्वयक अजय सिंह, इलिसीबा, सरोजिनी, अनीता , प्रिया गुप्ता, रितु भास्कर, मेमुना खातून, सुमन, लता सोनी, अरुण गुप्ता, इंद्र प्रकाश कुजूर सहित अन्य उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन सीएससी दिलीप कुमार गुप्ता ने किया।

 

Categorized in: