दरवाजे और ताला को टांगी से काटकर घर में घुसा कलयुगी पुत्र गिरफ्तार  

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने घर के अंदर रखे मोटरसाइकिल को आग के हवाले करने के मामले में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार किया है। घटना की रिपोर्ट आरोपी के पिता ने थाना में दर्ज कराई थी। पारिवारिक विवाद के बीच आरोपी ने आवेश में आकर उक्त घटना को अंजाम दिया।  

जानकारी के मुताबिक दो अप्रैल, मंगलवार को रघुनाथपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम दर्रीडीह निवासी कलम साय एक्का पिता सोमारू एक्का 45 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अपने पुत्र समीर को शादी के बाद खुद से अलग कर दिया है, जिसके 03 संतान हैं। एक-दो अप्रैल के दरम्यानी रात करीब 12.30 बजे समीर अपने से अलग कर देने और सहयोग नहीं करने की बात को लेकर अपने पिता से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा और घर के दरवाजे को टांगी से काटते हुए ताला तोड़ दिया। इसके बाद टांगी लेकर अपने पिता को मारने के लिए दौड़ाया। पुत्र की हरकत को देखकर पिता किसी तरह मौके से भाग गया। इसके बाद आरोपी पुत्र घर के अन्दर रखे मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक सीजी 15 डीडब्ल्यु 2814 को आग के हवाले कर दिया, जिसमें घर और घर में रखे सामान में भी आग लग गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पुत्र के विरूद्ध धारा 294, 506, 427, 436 भादंसं का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था और आरोपी के तलाश में लगी थी। इसी क्रम में पुलिस आरोपी समीर एक्का 23 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दी है। आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस चौकी रघुनाथपुर से प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक राकेश एक्का, अरविंद तिवारी, मकरध्वज पैंकरा सक्रिय रहे।

Categorized in: