तीन माह से फरार आरोपी के तलाश में नेपाल, बनारस, प्रयागराज, भिलाई तक चक्कर काट चुकी थी पुलिस  

अंबिकापुर। ऑनलाइन डिलीवरी कम्पनी में टीम लीटर के पद पर कार्यरत युवक के द्वारा कैश ऑन डिलीवरी के 11 लाख 65 हजार 946 रुपये गबन के मामले में केातवाली पुलिस ने तीन माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 30 हजार रुपये जप्त किया है।

पुलिस ने बताया बीते 22 दिसंबर 2023 को दुर्ग जिला के शकुन्तला निवास, रामनगर, सुपेला, भिलाई थाना वैशालीनगर निवासी शशिभूति पिता चित्रगुप्त शरण 53 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया था वह डिलीवरी कम्पनी में सिक्यूरिटी मैनेजर के पद पर शाखा रायपुर में कार्यरत है। डिलीवरी कंपनी का सेंटर अंबिकापुर स्थित संजय पार्क के सामने है। 09 सितंबर 2021 से टीम लीडर के रूप में अमरनाथ साहू को कैश ऑन डिलवरी के पैसे का हिसाब रखने, कंपनी के खाते में रकम जमा करने व सेंटर का ध्यान रखने की जिम्मेदारी मिली थी। इस बीच अमरनाथ साहू ने 10/12/2023 को कैश ऑन डिलवरी की रकम 11,65,946 रुपये जमा कराने के लिए रात्रि 09.30 बजे वहां मौजूद स्टॉफ के सामने से ले गया और कंपनी के खाते में जमा नहीं किया। जिस पर पुलिस ने धारा 406, 408 भादंसं का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस आरोपी के तलाश में लगी थी। तकनीकी एवं मुखबिरी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी के तलाश में नेपाल, बनारस, प्रयागराज, भिलाई तक का चक्कर काट रही थी, किन्तु बार-बार अपना स्थान बदलने के कारण वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ रहा था। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि लाखों रुपये गबन का आरोपी अंबिकापुर किसी काम से आ रहा है और पुलिस ने आरोपी को मिशन चौक से घेराबंदी करके पकड़ लिया। आरोपी की गिरफ्तारी एवं पता-तलाश में पुलिस सहायता केन्द्र हॉलीक्रॉस हास्पिटल से आरक्षक अशीष चौहान, अमर सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: