एकलव्य आवासीय विद्यालय के बच्चे कलेक्टर से मिलने निकले थे पैदल, एनएच में अधिकारियों ने रोका, समझाइश देकर पहुंचाया हॉस्टल
विधायक के बड़े भाई भी स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय पहुंचे

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा जिले में एकलव्य विद्यालयों का संचालन कैसे हो रहा है, इसकी पोल आए दिन सड़क नापते कलेक्टर तक पहुंचने का जज्बा लिए निकलने वाले छात्रों से हो रहा है। सुर्खियों में आ चुके एकलव्य विद्यालय का पुन: ऐसा ही मामला सामने आया है। उदयपुर के झिरमिट्टी ग्राम में संचालित विद्यालय के छात्र गुरूवार को छात्रावास से निकलकर सीधा कलेक्टर से मिलने पैदल निकल लिए। इसकी सुचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों व उच्च अधिकारियों को मिली। स्टेडियम ग्राउंड झिरमिट्टी के पास उच्चाधिकारी पहुंचे और छात्रों की समस्या को सुनने के बाद उचित निराकरण का आश्वासन दिया और छात्रों को मान-मनौव्वल कर वापस हॉस्टल भेजा।
छात्रों ने अधिकारियों को पानी, बेंच, सोने के लिए बेड और गद्दे की समस्या के अलावा नाश्ता व खाना बहुत कम देने के साथ ही अधीक्षक के द्वारा रात में नशे की हालत में आकर उनके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। यह भी बताया कि अच्छा खाना नहीं होने पर अधीक्षक उन्हें दिखाने के लिए खाना फेंक देता है और स्वयं होटल खाना खाने चले जाते हैं। हॉस्टल में नाली की सफाई नहीं होती। गंदे जगह पर खाना बनाया जाता है। तेल वाली कड़ाही में तैलीय चाय बनाकर उन्हें पीने के लिए दिया जाता है। इन सभी समस्याओं को वे पहले भी उच्च अधिकारियों को बता चुके हैं, परन्तु समस्या का निदान नहीं हुआ, इसके बाद वे पैदल ही कलेक्टोरेट जाने के लिए निकल लिए। मौके पर पहुंचे मंडल संयोजक उमेश दफ्तूवार, विकास खंड शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव ने इनकी समस्या को सुनने के बाद छात्रों को काफी समझाइश दी और वापस छात्रावास भेजा। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के बड़े भाई विजय अग्रवाल के साथ महिला मोर्चा की कल्पना भदौरिया, प्रमिला पोर्ते, अंजना गुप्ता, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बुधमोहन सिंह, शुभम भदौरिया, लवकेश राजवाड़े, कमलाकांत सहित ग्रामीण इस दौरान उपस्थित रहे। विजय अग्रवाल ने उच्चाधिकारियों से बात करके अधीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

Categorized in: