अधिकारी कह रहे दिए गए सेफ्टी किट का मजदूर नहीं किया उपयोग

भैयाथान। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करकोटी के आश्रित ग्राम कोयलारी में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे पानी टंकी निर्माण में लगे एक मजूदर की टंकी से गिरकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोयलारी के प्राथमिक शाला के पीछे निर्माणाधीन पानी टंकी में उत्तरप्रदेश के ग्राम अमवादिगर टोला धोकरहा, थाना बरवापट्टी जिला कुशीनगर का भरत कुमार 23 वर्ष सहित अन्य तीन मजदूर काम कर रहे थे। टंकी के ऊपरी हिस्से में ढलाई हेतु छड़ मोड़ने के दौरान अनियंत्रित होकर मजदूर भरत कुमार मुंह के बल नीचे गिर गया। इसे स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचाया, यहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक का उम्र 23 वर्ष निवासी  का बताया जा रहा है। झिलमिली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

ठेकेदार की लापरवाही
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पानी टंकी निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को ठेकेदार ने सेफ्टी किट नहीं दिया है। अगर सेफ्टी किट होता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। सेफ्टी किट में सेफ्टी बेल्ट, कैप, दस्ताने, रस्सी इत्यादि दिए जाते हैं ताकि अचानक गिरने पर भी मजदूर सुरक्षित रहे, लेकिन सुरक्षा मानकों को दरकिनार करते हुए मजदूरों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। यही नहीं ठेकेदार द्वारा अन्य प्रदेशों से मजदूर लाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, ताकि मजदूरी भुगतान में बचत हो सके। जानकार बताते हैं कि किसी भी मजदूर को निर्माण कार्य में लगाने से पहले ठेकेदार को संबंधित निर्माण विभाग के माध्यम से मजदूर के श्रम पंजीयन की जानकारी जिला श्रम कार्यालय में जमा करनाा है, ताकि मजदूर के साथ निर्माण दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से पीड़ित परिवारों को मदद मिल सके। जल जीवन मिशन के कार्यों में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

ठेकेदार के द्वारा दिए गए सेप्टी बेल्ट का उपयोग मजदूर के द्वारा नहीं किया गया, जिस कारण इस प्रकार की घटना घटी है।
एसबी सिंह, ईई पीएचई सूरजपुर

Categorized in: