काउंसलिंग में हुए फैसले के बाद भी साथ नहीं ले गया पत्नी को

अंबिकापुर। दहेज को लेकर प्रताड़ित करने के मामले में एक महिला ने महिला थाना में अपने पति, सास व ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 498, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है और मामले की जांच कर रही है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर मेघा शर्मा नमनाकला रिंग रोड की रहने वाली है। इसकी शादी वर्ष 2022 में अमृतसर पंजाब के हरियाणा निवासी अभिनव शर्मा पिता दीपक शर्मा से हुई थी वह भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। शादी में मेघा के पिता ने करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। अंबिकापुर स्थित एक होटल में वैवाहिक आयोजन संपन्न हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही मेघा के पति, ससुर व सास द्वारा काली हो कहकर प्रताड़ित किए जाने लगा। वहीं दहेज में कार की मांग की जाने लगी। ऐसे ही अन्य मामले को लेकर प्रताड़ित व मारपीट करने से परेशान महिला अपने मायके वापस आ गई थी और मई 2023 में दहेज प्रताड़ना की शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई थी। महिला थाना में दोनों पक्षों को काउंसिलिंग हुई। काउंसलर ने एक माह के अंदर पति को अपनी पत्नी को मायके से वापस ले जाने के निर्देश दिए थे। इस निर्देश को अवहेलना करते हुए पति अपनी पत्नी को मायके से वापस नहीं ले गया। महिला ने अपने पति अभिनव शर्मा, ससुर दीपक शर्मा व सास राकेश उर्फ नोनिता शर्मा के खिलाफ महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Categorized in: