पुलिस ने 16 लाख के मादक पदार्थों के साथ महिला-पुरूष को दबोचा, भेजा जेल

अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने 65 ग्राम ब्राउन शुगर व 193 नग इंजेक्शन के साथ महिला व एक युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों शहर के बंगाली चौक के पास मादक पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। जब्त ब्राउन शुगर व नशीले इंजेक्शन की कीमत 16 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है और उन्हें जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने अपने कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रवार्ता को बताया विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस को 19 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के बंगाली चौक के पास एक युवक व महिला काफी मात्रा में नशीला पदार्थ व इंजेक्शन रखकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने टीम के साथ घेराबंदी करके युवक व महिला के पास रखे बैग की तलाशी ली तो 65 ग्राम ब्राउन शुगर व 193 नग नशे के लिए प्रयोग में लाया जाने वाला जीवनरक्षक इंजेक्शन मिला। इसकी कीमत 16 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ब्राउन शुगर व इंजेक्शन जब्त कर आरोपी राज किशोर गुप्ता पिता पीयूष गुप्ता 23 वर्ष निवासी सतीपारा अंबिकापुर व साधना कसेर पति राजेश कसेर 32 वर्ष निवासी रतकालो थाना जयनगर जिला सूरजपुर, हाल-मुकाम बंगाली चौक अंबिकापुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है और उन्हें जेल भेज दिया है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, महिला प्रधान आरक्षक अंजू एक्का, महिला आरक्षक स्मिता रागिनी, आरक्षक अतुल सिंह, समीनुल हसन फिरदौसी, अमृत सिंह, मनीष सिंह, शाहबाज अंसारी, जयदीप सिंह, रुपेश महंत व जितेश साहू शामिल रहे।

मुख्य आरोपी के झारखंड से जुड़े हैं तार
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला-पुरूष का तार झारखंड के गढ़वा से जुड़ा है। इन्हें द्वारा ब्राउन शुगर व नशीला इंजेक्शन सस्ते दाम में मिलता है और इसे अंबिकापुर व आसपास के क्षेत्रों में काफी कीमत पर सप्लाई बेचकर ये मुनाफा कमाते हैं। गिरफ्तार आरोपी राजकिशोर पूर्व में भी अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। वह झारखंड के गढ़वा से ब्राउन शुगर व नशीले इंजेक्शन मंगवाकर महिला आरोपी साधना कसेर के माध्यम से व स्वयं अंबिकापुर के आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे की खेप के बस से पहुंचने का भी पता चला है। पुलिस आगे तहकीकात में लगी है। नशे के लिए दवाओं की उपलब्धता कराने वाले भी पुलिस के टारगेट में हैं।

Categorized in: