अंबिकापुर- शहर के गांधी चौक स्थित वेलकम होटल में एक लाख तीस हजार रुपए की उठाईगिरी के मामले में पुलिस उलझी हुई थी कि रविवार को दिनदहाड़े शहर के व्यस्ततम पोस्ट आफिस रोड में दो लोगों ने महिला के जेवरात उतरवा लिया और बड़े आराम से चले गए।जिस तरीके से घटना हुई उससे आरोपितों द्वारा महिला को भ्रमित करने की बात सामने आ रही है।आरोपितों के चले जाने के बाद महिला को लगा कि वह ठगी की शिकार हुई है।सबसे आश्चर्यजनक बात है कि महिला के साथ एक युवती भी थी लेकिन वह भी इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मूक बनी रही।हर बार की तरह पुलिस अब आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।आरोपितों का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
सूरजपुर की एक महिला रविवार को रिश्तेदार युवती के साथ खरीदारी के लिए शहर आई थी।पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक फुटवियर्स दुकान से सामानों की खरीदी कर दोनों पुराना बस स्टैंड की ओर जा रही थी।बताया जा रहा है कि पोस्ट आफिस से पहले ही एक व्यक्ति से उनकी मुलाकात हुई।वह व्यक्ति कोट , पैंट पहना हुआ था। वह भी साथ-साथ चलने लगा। पुलिस को जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक महिला से आरोपित बात करते हुए परिवार में हुए एक हादसे का उल्लेख कर विश्वास अर्जित करने का प्रयास किया।इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति भी आ गया।दोनों ने मिलकर मानसिक रूप से महिला को परेशान किया,कई ऐसी बातें कि जिससे महिला व उसकी रिश्तेदार युवती संभवतः डर गई थी।
आरोपितों ने पहले तो कहा कि अभी समय ठीक नहीं चल रहा है और आप इतने जेवरात पहन कर जा रही हैं।आपके साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है। सीसी कैमरे में काफी देर तक बातचीत नजर आ रही है।पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपितों में से एक ने पूजा-पाठ का डर भी दिखाया था और साथ में अगरबत्ती खरीदने ले जाने बोलकर आरोपित ने गहने उतार देने के लिए कहा। दोनों का तरीका डराने वाले था।महिला ने शरीर में पहने सारे सोने के जेवरात कथित रूप से खरीदे गए एक कपड़े में रख दिए थे।आरोपितों के सामने ही यह पूरा घटनाक्रम हुआ।इसी बीच दोनों व्यक्ति वहां से हट गए थे।थोड़ी देर बाद महिला का भ्रम टूटा।उसने जेवरातों की खोज की तो वह गायब मिले।जिस नए कपड़े में उसने जेवरात रखे थे,वह गायब हो चुका था
ठगी का पता चलने पर महिला,रिश्तेदार युवती के साथ फिर उसी परिचित दुकान वाले के यहां पहुंची और घटना से रिश्तेदारों को अवगत कराया।तब पुलिस को भी सूचना मिली।घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लेकर पुराना बस स्टैंड के ओर की सभी सीसी कैमरों की जांच शुरू की है।घटना से जुड़े कई फुटेज भी मिले है जिन्हें जब्त किया गया है।आरोपितों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है।
पीछे मुड़कर देखने पर अनहोनी का दिखाया डर
घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस को बताया गया कि आरोपितों ने महिला और उसकी रिश्तेदार युवती को डराया था कि यदि वे पीछे मुड़कर देखे तो परिवार में अनहोनी हो जाएगी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला ने जब अपने सारे जेवरात उतार कर कपड़े में रखे थे, उसी दौरान आरोपितों ने उस कपड़ा सहित जेवरात को अपने कब्जे में ले लिया था ताकि महिलाएं आगे जाकर पीछे मुड़ कर उन्हें ना देखें। काफी दूर जाने के बाद महिलाओं को आभास हुआ कि आखिर वे लोग उनसे ही क्यों बात कर रहे थे,तब उन्होंने जेवरातों को ढूंढना शुरू किया तब पता चला कि जेवरात गायब हो चुके हैं, और वे ठगी का शिकार हो चुकी है।
नए तरीके का है अपराध
शहर में चोरी लूट उठाईगिरी की घटनाएं अब सामान्य हो चुकी हैं, लेकिन रविवार को जिस तरीके से लाखों के जेवरात की ठगी हुई वह अपने आप में एकदम नए तरीके का अपराध है, इसके पहले इस तरीके से शहर में कभी भी ठगी अथवा लूट की घटना नहीं हुई है। ऐसे में शहर में निकलने वाली महिलाओं को भी सजग और सतर्क रहने की जरूरत है कि कोई भी अनजान व्यक्ति यदि उनसे नजदीकी बढ़ाकर परिवार से जुड़े कोई भी बात कर रहा है तो वह राह चलते दूसरे लोगों को इसकी जानकारी दें ताकि ऐसे संदिग्ध लोगों को पकड़ पुलिस पूछताछ कर सके।
शहर में बढ़ रही अपराधिक घटनाएं
अंबिकापुर शहर में अपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। सामाजिक पुलिसिंग में सक्रिय पुलिस बेसिक पुलिसिंग को भूलती जा रही है।पिछले दिनों अंबिकापुर के गांधी चौक स्थित वेलकम होटल में नाश्ता कर रहे सेवानिवृत्त शिक्षक से एक लाख तीस हजार की उठाईगिरी हो गई थी उक्त मामले में पुलिस को अभी तक कोई जानकारी भी नहीं मिल सकी थी कि रविवार को महिला के लाखों के जेवरात पार कर दिए गए। इस मामले में तो जिन लोगों पर ठगी का आरोप है वह संभ्रांत नजर आ रहे हैं। उन्होंने बकायदा कोट पैंट पहन रखा था।उनके पहनावा से कहीं नहीं लग रहा था कि वह ठग हो सकते हैं। महिला के हाथ से दो वजनी कंगन,सोने का मंगल सूत्र, चैन, अंगूठी,कान की बाली सहित शरीर में पहने अन्य सोने के जेवरात पार कर दिए है।
