अंबिकापुर। नाबालिक उत्पीडऩ संबंधी मामलों में सरगुजा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीतापुर थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को चंद घंटे में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।


पुलिस को नाबालिग की नानी ने बताया था कि रोहित मिंज और बिमलेश खेस उसकी नातिन को 22 दिसंबर को मोटरसाइकिल में बैठा कर ले गए थे, जो आज दिनांक तक घर वापस नहीं आई है। शिकायत पर पुलिस ने धारा 363, 366 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर ध्रुवेश जायसवाल ने थाना प्रभारी सीतापुर उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह व पुलिस टीम को नाबालिग को बरामद करने निर्देशित किया। पुलिस टीम नाबालिग को कब्जे में लेकर पूछताछ की तो उसने रोहित मिंज एवं बिमलेश खेस निवासी जामडीह सीतापुर द्वारा बहला-फुसला कर ले जाने और दोनों के द्वारा लगातार दुष्कर्म करने की बात कही। आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उन्होंने नाबालिग से दुष्कर्म करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 376 (घ) भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ठ),6 का मामला दर्ज कर इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर उपनिरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, सहायक उप निरीक्षक शशि प्रभा दास, आरक्षक संजीव चौबे, अलोक गुप्ता, अहसान फिरदौसी, अभिषेक राठौर, पंकज देवांगन, नगर सैनिक विनायक लकड़ा शामिल रहे।

Categorized in: