पुलिस का महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम

अंबिकापुर। आधुनिक संसाधनों से लैस महिला गश्ती दल शहर के भीड़-भाड़ वाले जगहों, स्कूल-कॉलेजों, चौपाटी आदि स्थानों पर लगातार भ्रमण कर आम नागरिकों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी। आपातकालीन या किसी अन्य दूसरी घटना के रोकथाम में भी यह गश्ती दल अपनी सेवाएं प्रदान करेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति में महिला गश्ती दल को बॉडी कैमरा के माध्यम से उद्दंडता करने वालों की पहचान कर विधिवत कार्रवाई करने का अधिकार होगा। महिला गश्ती दल के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए थाने की पेट्रोलिंग वाहन भी साथ रहेगी।
सरगुजा की सड़कों पर अब महिला गश्ती दल नजर आएगी। पुलिस अधीक्षक ने महिला अपराधों की रोकथाम एवं जागरूकता के लिए विशेष दल का गठन किया है, जो महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम होगा। महिला गश्ती दल की सेवाएं हर जरूरतमंद महिला तक पहुंचाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया सरगुजा जिले की सड़कों पर अब पुलिस की महिला गश्ती दल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार भ्रमण करेंगी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में इसकी रूपरेखा तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित वातावरण का एहसास दिलाना है। गठित 12 सदस्यीय महिला गश्ती दल में एक उप निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक, 10 महिला आरक्षक ड्यूटी में तैनात रहेंगी। शनिवार को पुलिस लाइन अंबिकापुर से महिला पुलिस कर्मियों के गश्ती दल को पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक ने महिला पुलिस कर्मियों की गश्ती दल को ब्रीफिंग के दौरान महिलाओं में जागरूकता लाने एवं महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों की रोकथाम के लिए महिला पेट्रोलिंग टीम का गठन करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टीम को हर जरूरतमंद महिला तक सेवा प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया। आम नागरिक महिला गश्ती दल की आवश्यकता महसूस होने पर डॉयल 112 एवं अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से अपनी सूचना दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक, यातायात उप पुलिस अधीक्षक कामता सिंह दीवान, यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको, महिला थाना प्रभारी दुर्गेश्वरी चौबे, कंट्रोल रूम प्रभारी अंजू चेलक, सहायक उप निरीक्षक शंकर कश्यप एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: