पुलिस ने चालक सहित शराब तस्करी के मास्टरमाइंड व मैनपाट के कोचिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा
लखनपुर निवासी मास्टरमाइंड के चार शराब ठेके मध्य प्रदेश में हैं संचालित

गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस को तीन अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। मध्यप्रदेश से 32 पेटी अवैध शराब तस्करी कर जिले में खपाने की तैयारी थी। तस्करी के मास्टरमाइंड राजनारायण जायसवाल का चार ठेका मध्यप्रदेश के सिंगरौली में संचालित है। आरोपित तस्करी में प्रयुक्त वाहन को गुमराह कर किराए में लेते और उसका दुरूपयोग करते थे। जब्त किए गए शराब की मात्रा  321.840 लीटर, कीमत करीब एक लाख 56 हजार 600 रुपये है।
कोतवाली के एसएचओ उपनिरीक्षक रुपेश नारंग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक इनोवा वाहन में अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के द्वारा मध्यप्रदेश के सिंगरौली से अवैध शराब की तस्करी कर जिले में खपाने हेतु लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में रात 11 बजे से घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन पर नजर रखी जा रही थी। शुक्रवार को अलसुबह लगभग चार बजे जैसे ही इनोवा वाहन के मध्य प्रदेश बॉर्डर को क्रॉस करने की सूचना मिली, सरगुजा पुलिस ने वाहन को रोकने चौतरफा घेराबंदी की। संदिग्ध वाहन को प्रतापपुर रोड में आते दिखा। इस दौरान जालंधर निवासी शातिर वाहन चालक वाहन पुलिस टीम को कुचलते भागने का प्रयास किया। चालक की नीयत देख पुलिस टीम सजगता एवं सतर्कता बरतते हुए टैंकर अड़ा संदिग्ध वाहन को रुकवाने में सफल हुई। वाहन चालक को तत्काल हिरासत में लेकर पुलिस ने संदिग्ध इनोवा वाहन क्रमांक सीजी 10 एस 2010 के चालक राकेश कुमार दाहिया निवासी जालंधर को कब्जे में लिया। पुलिस ने जब इनोवा वाहन की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग कंपनियों के अवैध अंग्रेजी शराब एवं बियर से भरी 32 पेटी शराब मिली, जिसकी मात्रा 321.840 लीटर है। आरोपित वाहन चालक को थाना लाकर पुलिस पूछताछ की तो उसने बताया कि अवैध अंग्रेजी शराब सरगुजा जिले के लखनपुर निवासी राजनारायण जायसवाल की मध्यप्रदेश सिंगरौली स्थित शराब भट्टी से ला रहा है। उसने अंग्रेजी शराब की 12 पेटी राजनारायण जायसवाल लखनपुर के लिए और एक अन्य विक्रेता संतु गुप्ता निवासी भूसु के द्वारा मैनपाट बिसरपानी में बिक्री के लिए 20 पेटी अवैध शराब लाना बताया। पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड राजनारायण जायसवाल को लखनपुर पुलिस टीम की मदद से व कोचिया संतु को मैनपाट से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मास्टरमाइंड ने अंतर्राज्यीय शराब की तस्करी करना स्वीकार किया।  तीनों आरोपितों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में कोतवाली के एसएचओ उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, आरक्षक जयदीप सिंह, रुपेश महंत, लालभुवन, प्रदीप सिंह साइबर सेल से लालदेव एवं पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों का नेतृत्व नवा बिहान अभियान को बना रहा सफल
सरगुजा रेंज के आईजी अजय कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशे के विरूद्ध अभियान नवा बिहान की सफलता इस बड़ी कार्रवाई से जुड़ी है। पुलिस का मानना है अभियान से कई लोगों का जुड़ाव होने के बाद कई प्रकार की जानकारियां पुलिस को मिलती है। पुलिस व जनता का संबंध मजबूत होने से अवैध नशे का कारोबार करने वाले कब, किसकी नजर में आ जाएंगे, कह पाना मुश्किल है। पुलिस के सूचनातंत्र का विस्तार हुआ है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले के एएसपी विवेक शुक्ला व नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक किसी सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिले के थाना प्रभारियों का नेतृत्व कर टीम को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रेरित करते आ रहे हैं, जिससे बड़ी सफलता पुलिस को आए दिन मिल रही है।  

Categorized in: