सहयोगी कर्मचारियों के साथ मातृ एवं शिशु अस्पताल व परिसर को किया चकाचक    

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज के मातृ एवं शिशु अस्पताल परिसर में मरीजों का आना-जाना बढ़ता, इसके पहले अधिकारियों की टोली अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ एमसीएच भवन के रैंप से लेकर परिसर तक को चकाचक कर डाला।
अस्पताल में स्वच्छ वातावरण रहे, स्वच्छता के कार्य में लगे कर्मचारी ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, इस उद्देश्य से हाथ में झाड़ू, पोछा लिए मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.रमनेश मूर्ति, अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों अस्पताल की सलाहकार प्रियंका कुरील, सहायक नर्सिंग अधीक्षिका सिस्टर द्रुपति राज, सिस्टर रश्मि मसीह, सिस्टर हेमराज, छोटेलाल शर्मा, राजेंद्र, आशीष, सुनील, शिवनंदन, हरि और चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों के साथ मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा उसके परिसर की सफाई के साथ पूरे रैंप की धुलाई एवं जमीन में पोछा लगाने में भिड़ गए। सफाई के दौरान निकले कचरे को उठाकर सुरक्षित तरीके से रखा गया, ताकि इसे निगम की सफाई विभाग की वाहन के साथ पहुंचने वाले कर्मचारी उठाकर कचरा डंपिंग यार्ड में ले जाएं। साथ ही मातृ एवं शिशु अस्पताल भवन के सामने की सड़क एवं नाली की भी सफाई की गई। मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता, अस्पताल अधीक्षक एवं प्रबंधन द्वारा अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में भागीदार बनने का मकसद यह है कि स्वच्छक अस्पताल में कैसा स्वच्छ परिवेश होना चाहिए, इसे समझ सकें। अस्पताल में अच्छे से साफ-सफाई लगातार होती रहे। मेडिकल कॉलेज के डीन ने कहा सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचरियों को अपने कार्य के प्रति प्रोत्साहित करना एवं अस्पताल की सफाई कितनी जरूरी है इससे अस्पताल में आने वाले लोगों को भी आभास कराना है। इस दौरान अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके स्वजनों से आग्रह किया गया कि अस्पताल उनका है, इसे अपने घर की तरह स्वच्छ रखें ताकि अच्छे माहौल में मरीजों का इलाज हो सके।

Categorized in: