पूर्व विधायक स्व.सुखीराम की मूर्ति स्थापना हेतु खाद्य मंत्री ने किया भूमिपूजन

105 हितग्राहियों को स्वेच्छानुदान राशि का चेक वितरित

बस दुर्घटना में मृत व्यक्तियों को दी गई श्रद्धांजलि

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत सोमवार को सीतापुर विधानसभा क्षेत्र भ्रमण दौरान ग्राम देवगढ़ पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक स्व.सुखीराम के सम्मान में देवगढ़ चौक का नामकरण करते हुए उनकी मूर्ति स्थापना के लिए भूमिपूजन किया। उन्होंने देवगढ़ में 16 लाख 10 हजार रुपये स्वेच्छानुदान राशि का चेक तथा 14 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किया। इस दौरान कोरबा जिले के बांगो थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर मड़ई घाट के पास हुई बस दुर्घटना में सरगुजा जिले के चार लोगों की मृत्यु की खबर पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौनधारण कर श्रद्धांजलि दी गई व मृतकों के स्वजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि अब जिले में कोई भी स्कूल भवन जर्जर नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्कूल भवनों के मरम्मत व रख-रखाव के लिए 500 करोड़ की स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि जर्जर स्कूल भवनों के मरम्मत कार्य कम समय में व गुणवत्तापूर्ण हो इसके लिए मॉनिटरिंग सिस्टम बनाएं। उन्होंने कहा कि स्कूल भवनों के मरम्मत कार्य के लिए पंचायतों को एजेंसी बनाएं। जिले के स्कूलों के मरम्मत के लिए करीब 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा राज्य शासन द्वारा हर आयु वर्ग के व्यक्तियों के लिए सैकड़ों योजनाएं संचालित की जा रही हंै जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए 18 से 60 वर्ष तक के श्रमिक पंजीयन कराएं। उन्होंने श्रम विभाग में पंजीयन के लिए शिविर लगाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि महिलाओं व बच्चों के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हंै। योजनाओं का लाभ लेने के लिए स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी सहित सरपंच सचिव से संपर्क करें। किसी प्रकार की समस्या हो तो पहले स्थानीय कार्यालयों में आवेदन दें या समस्या बताएं। कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को आयोजित होने वाले कलेक्टर जनचौपाल में आवेदन दें। उन्होंने कहा किसानों को खाद-बीज की समस्या हो तो पहले एसडीएम व जनपद सीईओ को बताएं। उन्होंने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षा से वंचित न करें क्योंकि एक बालिका के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम अनमोल टोप्पो, जनपद सीईओ संजय मरकाम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

माझापारा पुल का निरीक्षण  

खाद्य मंत्री अमरजीत भगत एवं कलेक्टर कुंदन कुमार ने अधिकारियों के साथ देवगढ़ के माझापारा में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल निर्माण हेतु उच्च अधिकारियों तक प्रस्ताव प्रेषित करने तथा आवागमन के वैकल्पिक व्यवस्था हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

Categorized in: